बिहार के शिक्षक अब AI के साथ पढ़ाएंगे, Google से सरकार का करार; Gemini-NotebookLM की मिलेगी ट्रेनिंग
बिहार में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से सशक्त बनाने की तैयारी है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ...और पढ़ें

शिक्षकों के बीच AI के अच्छे प्रयोग साझा होंगे
HighLights
Google LLC और विभाग के बीच AI सहयोग पर समझौता।
शिक्षकों को Gemini और NotebookLM जैसे AI टूल्स का प्रशिक्षण।
डिजिटल शिक्षण वातावरण और स्मार्ट क्लासरूम का विकास होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में पढ़ाई का तरीका बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और Google LLC के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सशक्तीकरण एवं आधारभूत संरचना सहयोग के लिए स्टेटमेंट ऑफ इंटेंट (SOI) पर मंगलवार को हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का मुख्य फोकस शिक्षकों को AI तकनीक के इस्तेमाल के लिए तैयार करना है।
Gemini और NotebookLM से तैयार होंगे नए तरीके
प्रस्तावित प्रशिक्षण में शिक्षकों को Google के Gemini और NotebookLM जैसे AI टूल के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
शिक्षक AI की मदद से पाठ योजना तैयार करने, पढ़ाने की पद्धति बेहतर करने और प्रशासनिक काम आसान करने का अभ्यास करेंगे। AI को शिक्षण-सहायक और ट्यूटर के रूप में इस्तेमाल करने की क्षमता भी विकसित की जाएगी।
स्थानीय जरूरत के हिसाब से मिलेगा प्रशिक्षण
Google AI Educator Series के जरिए शिक्षकों को हिंदी और अंग्रेजी में स्थानीय संदर्भों के अनुरूप प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव है।
स्थानीय भाषाओं में प्रशिक्षण, दक्षता आधारित आकलन और प्रमाणन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इससे तकनीक को सीधे कक्षा की जरूरतों से जोड़ने की कोशिश होगी।
Smart Classroom से Digital Library तक बनेगा नया सिस्टम
सरकार और Google के सहयोग से डिजिटल शिक्षण वातावरण को मजबूत करने की योजना है। इसके तहत शिक्षकों के लिए डिजिटल आईडी और Google AI टूल तक सुरक्षित एवं व्यक्तिगत पहुंच देने का प्रस्ताव है।
ICT लैब, स्मार्ट क्लासरूम, कनेक्टेड क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और भाषा प्रयोगशालाओं के विकास में भी तकनीकी सहयोग मिलेगा।
शिक्षकों के बीच AI के अच्छे प्रयोग साझा होंगे
सहयोग के तहत Google Educator Groups के विकास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। ये समूह शिक्षकों के लिए सहकर्मी-अधिगम और AI आधारित शिक्षण के उदाहरण साझा करने का मंच बन सकते हैं। यानी एक शिक्षक के सफल प्रयोग को दूसरे शिक्षक भी अपने स्कूल में अपना सकेंगे।
Hybrid Training और Certification की भी तैयारी
शिक्षकों के लिए हाइब्रिड प्रशिक्षण और प्रमाणन की व्यवस्था का प्रस्ताव है। इससे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। AI साक्षरता के साथ-साथ शिक्षण पद्धति में Gemini के प्रभावी एकीकरण पर विशेष जोर रहेगा।
शिक्षा व्यवस्था को भविष्य के लिए तैयार करने की पहल
विभाग के अनुसार शिक्षकों को उभरती AI और डिजिटल तकनीकों से जोड़ना शिक्षा व्यवस्था को भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस सहयोग में राज्य सरकार की ओर से शिक्षकों की भागीदारी, समन्वय और जरूरी आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
मंगलवार को हुए इस करार को बिहार की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल बदलाव की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
