विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षकों के तबादले के लिए आज खुल जाएगा पोर्टल; तीन चरणों में होगा ट्रांसफर, यहां देखें तारीख

Published: Wed, 29 Jul 2026 07:00 AM (IST)

बिहार में शिक्षकों के तबादले के लिए पोर्टल बुधवार को खुल गया है, जिसके तहत तीन चरणों में स्थानांतरण होंगे। ...और पढ़ें

तबादले के लिए 29 जुलाई को खुलेगा पोर्टल। सांकेत‍िक तस्‍वीर

तबादले के लिए 29 जुलाई को खुलेगा पोर्टल। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. शिक्षकों के तबादले के लिए पोर्टल बुधवार को शुरू।

  2. परिवीक्षाधीन शिक्षक भी अब कर सकेंगे आवेदन।

  3. तबादला प्रक्रिया तीन चरणों में होगी संपन्न।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में शिक्षकों के तबादले के लिए बनी नई स्थानांतरण पाॅलिसी के तहत आवेदन लिए जाने को ले बुधवार को पोर्टल आरंभ हो जाएगा।

शिक्षकों का स्थानांतरण तीन चरणों में होना है। पहले चरण में समानुपातीकरण के तहत स्थानांतरण होने हैं। इसके लिए पांच अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे।

शिक्षकों के तबादले की पूरी व्यवस्था ऑनलाइन सिस्टम के तहत संचालित की जानी है। समायाेजन के तहत आवेदन पांच अगस्त तक लिए जाएंगे।

5 अगस्‍त तक ल‍िए जाएंगे आवेदन 

शिक्षकों के तबादले के पहले चरण में समायाेजन के तहत स्थानांतरण को ले आवेदन पांच अगस्त तक लिए जाएंगे। शिक्षक स्थानांतरण की नई पाॅलिसी के तहत तबादले की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में क्रियान्वित होनी है।

दूसरे चरण में जिला, प्रमंडल तथा राज्य स्थापना समिति द्वारा जिला एवं प्रमंडल संवर्ग के शिक्षकों को म्युचुअल (पारस्परिक) स्थानांतरण होगा। वहीं तीसरे चरण में सामान्य तबादले होंगे।

शिक्षा विभाग की अधिसूचना के अनुसार पहले चरण के तहत आए आवेदन के लिए सात अगस्त से नौ सितंबर तक जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्थापना समिति की बैठक होगी।

इसके तहत समानुपातिकरण व शिक्षकों के आधार पर समायोजन की सूची जारी होगी। इस सूची पर शिक्षकों की अपील भी ली जाएगी।

दूसरे चरण में 10 सितंबर को शुरू होगी प्रक्र‍िया

दूसरे चरण के अंतर्गत होने वाले तबादले की प्रक्रिया 10 सितंबर से आरंभ होकर 14 सितंबर तक चलेगी। इस चरण में जिला, प्रमंडल तथा राज्य स्थापना समिति द्वारा शिक्षकों का म्युचुअल स्थानांतरण होगा।

शिक्षकों के समायोजन व म्युचुअल ट्रांसफर के बाद तीसरे चरण में सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया आरंभ होगी। सामान्य स्थानांतरण के लिए 16 सितंबर को विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन होगा।

सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन 17 सितंबर से 23 सितंबर तक लिए जाएंगे। शिक्षक अपनी सुविधा के अनुसार विद्यालयों का विकल्प दे सकेंगे।

तीसरे चरण की प्रक्रिया के तहत आए आनेदन पर 24 सितंबर से 31 अक्टूबर तक जिला, प्रमंडल तथा राज्य स्थापना समिति द्वारा सामान्य स्थानांतरण की सूची जारी होगी।

श‍िक्षक नियमावली में संशोधन 

इस बीच शिक्षा विभाग ने शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 में संशोधन किया है। बीपीएससी के माध्यम से नियुक्त शिक्षक व हेडमास्टर, जो अभी दो वर्षों की परिवीक्षा अवधि में हैं, वे भी अपने तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे।

श‍िक्षा विभाग ने मंगलवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षकों के प्रति संवेदनशील है।

पॉलिसी में बदलाव से टीआरई-3 के शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। तबादले की प्रक्रिया में उनके शामिल होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

21 जुलाई की नियमावली में नहीं था प्रावधान 

सामान्य शिक्षकों की तरह इस श्रेणी के शिक्षक भी समायोजन, समानुपातिकरण तथा पारस्परिक तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मालूम हो कि इसी महीने की 21 तारीख को शिक्षा विभाग ने नयी शिक्षक स्थानांतरण नियमावली जारी की थी, उनमें प्रोबेशन पर रहे शिक्षकों को इस दायरे से बाहर रखा गया था।

अब नियमावली के नियम 11 के तहत प्राप्त संशोधन की शक्ति का इस्तेमाल करते हुए इसे संशोधित कर दिया गया है। स्थानांतरण नियमावली के शेष प्राविधान यथावत रहेंगे।