विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Teacher Transfer 2026: शिक्षकों के तबादले की उलटी गिनती शुरू: 29 जुलाई से खुलेगा ट्रांसफर पोर्टल

Published: Fri, 17 Jul 2026 06:45 PM (IST)

बिहार में शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया 29 जुलाई से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शुरू होगी, जिसमें शिक्षक 5 ...और पढ़ें

शिक्षक स्थानांतरण को लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी

शिक्षक स्थानांतरण को लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी

HighLights

  1. शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए पोर्टल 29 जुलाई से खुलेगा।

  2. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और तीन चरणों में संपन्न होगी।

  3. समायोजन, पारस्परिक, सामान्य स्थानांतरण 31 अक्टूबर तक।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के शिक्षकों के लिए लंबे समय से इंतजार की जा रही स्थानांतरण प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को शिक्षक स्थानांतरण को लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी।

इसके तहत शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल 29 जुलाई से खोल दिया जाएगा। शिक्षक पांच अगस्त तक अपने आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकेंगे।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और ऑनलाइन तरीके से पूरी की जाएगी।

तीन चरणों में पूरी होगी स्थानांतरण प्रक्रिया

बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत इस बार स्थानांतरण की प्रक्रिया तीन अलग-अलग चरणों में संपन्न होगी।

इसमें समायोजन, समानुपातिकरण, पारस्परिक स्थानांतरण और सामान्य स्थानांतरण को शामिल किया गया है। राज्य कैबिनेट ने 24 जून को नई तबादला नीति को मंजूरी दी थी। अब उसी नीति के तहत विभाग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।

पहले चरण में होगा समायोजन और समानुपातिकरण

पहले चरण में सात अगस्त से नौ सितंबर तक समायोजन और समानुपातिकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस दौरान सूची का प्रकाशन, आपत्तियों और अपीलों की सुनवाई तथा उनके निष्पादन का कार्य किया जाएगा। विभाग ने इसके लिए समयबद्ध कार्यक्रम तय किया है।

इस चरण का उद्देश्य शिक्षकों की उपलब्धता और जरूरत के बीच संतुलन स्थापित करना है।

दूसरे चरण में होगा पारस्परिक स्थानांतरण

दूसरे चरण में 10 सितंबर से 14 सितंबर तक पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होगी।

इस प्रक्रिया में जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियां अपनी भूमिका निभाएंगी। पारस्परिक स्थानांतरण के तहत शिक्षक आपसी सहमति के आधार पर स्थान बदल सकेंगे।

इससे कई शिक्षकों को अपनी पसंद के स्थान पर जाने का अवसर मिल सकता है।

तीसरे चरण में होगा सामान्य तबादला

सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया तीसरे और अंतिम चरण में पूरी की जाएगी। इसके लिए विद्यालयवार रिक्तियों की संशोधित सूची 16 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।

इसके बाद शिक्षक 17 से 23 सितंबर तक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का चयन कर आवेदन कर सकेंगे।

सामान्य स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, अपील और उसके निष्पादन की प्रक्रिया 24 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलेगी।

विभाग ने समय-सीमा के भीतर आवेदन की अपील की

शिक्षा विभाग ने सभी पात्र शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है।

साथ ही जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों को भी समयबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग का कहना है कि ऑनलाइन प्रणाली से स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और विवाद रहित बनेगी।

स्थानांतरण की प्रमुख तिथियां

  • 29 जुलाई से 5 अगस्त : आवेदन (समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण)
  • 7 अगस्त से 9 सितंबर : समायोजन और समानुपातिकरण प्रक्रिया
  • 10 से 14 सितंबर : पारस्परिक स्थानांतरण
  • 16 सितंबर : संशोधित रिक्तियों की सूची जारी
  • 17 से 23 सितंबर : सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन
  • 24 सितंबर से 31 अक्टूबर : स्थानांतरण सूची, अपील और निष्पादन