विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिजली के क्षेत्र में बिहार की आत्‍मनिर्भरता बढ़ी, एनटीपीसी बाढ़ की तीसरी यूनिट भी हो गई शुरू

By Shubh Narayan PathakEdited By:
Published: Fri, 12 Nov 2021 07:35 AM (IST)Updated: Sat, 13 Nov 2021 06:19 PM (IST)

Bihar Electricity News एनटीपीसी की बाढ़ थर्मल पावर यूनिट से बिहार को 401 मेगावाट अतिरिक्त बिजली गुरुवार को आधी रात ...और पढ़ें

बिहार के बाढ़ में एनटीपीसी की तीसरी यूनिट शुरू। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
बिहार के बाढ़ में एनटीपीसी की तीसरी यूनिट शुरू। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। एनटीपीसी की बाढ़ थर्मल पावर यूनिट से बिहार को 401 मेगावाट अतिरिक्त बिजली गुरुवार को आधी रात से मिलनी आरंभ हो गई। बाढ़ में एनटीपीसी की 660 मेगावाट वाली तीसरी उत्पादन इकाई आरंभ हुई है। इस यूनिट से बिहार को 60 प्रतिशत से अधिक बिजली मिलेगी। पूर्व से बाढ़ की दो उत्पादन इकाइयों से बिहार को 1198 मेगावाट से भी अधिक बिजली मिल रही है। एनटीपीसी से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार बाढ़ विद्युत उत्पादन इकाई में पांच यूनिट लगनी है, जिनकी समेकित क्षमता 3300 मेगावाट है।

चौथी और पांचवीं यूनिट का निर्माण तेजी से

बाढ़ एनटीपीसी परियोजना के कार्यकारी निदेशक व परियोजना प्रमुख एसएन त्रिपाठी ने बताया कि 660 मेगावाट क्षमता वाली नई यूनिट के आरंभ हो जाने के बाढ़ इकाई की उत्पादन क्षमता 1320 मेगावाट से बढ़कर 1980 मेगावाट हो गई है। चौथी व पांचवीं यूनिट का निर्माण कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। आपको बता दें कि बिहार को हाल के वर्षों में ताप बिजली घर की कई सौगातें मिली हैं। इनमें से एक यूनिट बक्‍सर जिले के चौसा में बन रही है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद राज्‍य बिजली के मामले में काफी हद तक आत्‍मनिर्भर हो जाएगा।

  • एनटीपीसी की बाढ़ इकाई से बिहार को 401 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलनी शुरू
  • गुरुवार को आधी रात से 660 मेगावाट की तीसरी इकाई का वाणिज्यक उत्पादन आरंभ
  • नई इकाई से 60 प्रतिशत से अधिक बिजली बिहार को

एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक प्रवीण सक्सेना ने कहा कि कोरोना महामारी की चुनौतियों के बीच यह उपलब्धि हासिल हुई है। चौथी और पांचवीं इकाई के लिए हम पूरी रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे। एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र में बिहार, झारखंड व बंगाल में एनटीपीसी की आठ परियोजनाओं में सात परियोजनाओं की उत्पादन क्षमता 9960 मेगावाट है। वहीं 4490 मेगावाट से अधिक की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैैं। वर्तमान में एनटीपीसी से बिहार को 4575 मेगावाट से भी अधिक का आवंटन है।