बिहार के स्कूली बच्चों के लिए सम्राट के मंत्री ने केंद्र से मांगी मदद, दिल्ली में प्रह्लाद जोशी से की मुलाकात
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर राज्य में विद्यालयी शिक्षा की ...और पढ़ें

बिहार के शिक्षा मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मांगी विद्यालयी शिक्षा के लिए वित्तीय मदद
HighLights
1520 भूमिहीन/भवनविहीन विद्यालयों के लिए नए भवनों की मांग।
3818 आईसीटी लैब के संचालन हेतु ₹91.63 करोड़ का अनुरोध।
पीएमश्री विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षाओं और सुविधाओं के लिए धन।
राज्य ब्यूरो, पटना। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। उन्होंने बिहार में विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत संरचना और डिजिटल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता देने का अनुरोध किया।
उन्होंने राज्य में 1520 भूमिहीन/भवनविहीन विद्यालयों में नए भवनों के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता देने की मांग की।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 3818 आईसीटी लैब के निर्बाध संचालन के लिए 91.63 करोड़ रुपये की राशि तथा लंबित राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया। साथ ही, पहले से संचालित 784 आईसीटी लैब के लिए 18.82 करोड़ की राशि की स्वीकृति की मांग की।
उन्होंने पीएमश्री विद्यालयों में 227 अतिरिक्त कक्षाओं, 525 विद्यालयों में खराब शौचालयों की मरम्मत, 836 विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड एवं इंटरैक्टिव लर्निंग पैनल तथा बैंड यूनिफॉर्म के लिए आवश्यक अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने 1275 विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक स्थलों को शीघ्र स्वीकृति देने, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति के लिए फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम के लिए 8.29 करोड़ की राशि जारी करने तथा भोजपुर, गया, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, समस्तीपुर और औरंगाबाद के छह डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने के लिए 50.80 करोड़ की स्पिल ओवर राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने उल्लास कार्यक्रम की अवधि 2027-32 तक बढ़ाने की भी मांग की।
