Bihar Road Projects: अमरपुर बाईपास और गंगा पथ पर बढ़ेगी रफ्तार, मंत्री ने अधिकारियों को दिए ये बड़े निर्देश
भागलपुर प्रमंडल में लंबित और निर्माणाधीन सड़क, पुल व आरओबी परियोजनाओं को गति देने के लिए पथ निर्माण मंत्री कुमार ...और पढ़ें

गंगा पुल और गंगा पथ परियोजनाओं पर फोकस
HighLights
पथ निर्माण मंत्री ने भागलपुर प्रमंडल की परियोजनाओं की समीक्षा की।
अमरपुर बाईपास, गंगा पथ सहित अन्य कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
भू-अर्जन, वन और पर्यावरण क्लीयरेंस जल्द पूरा करने पर जोर।
राज्य ब्यूरो, पटना। भागलपुर प्रमंडल में लंबित और निर्माणाधीन सड़क, पुल व आरओबी परियोजनाओं को गति देने की कवायद तेज कर दी गई है। पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बुधवार को विश्वेश्वरैया भवन में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अमरपुर बाईपास का बचा काम जल्द पूरा करने को कहा
बैठक में भागलपुर-अमरपुर-बांका (एसएच-25) के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की प्रगति की समीक्षा हुई। मंत्री ने 7.052 किलोमीटर लंबे अमरपुर बाईपास में भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी कर शेष निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
एसएच-22 फोरलेन समेत कई सड़कों पर नजर
सुल्तानगंज-तारापुर-बेलहर-कटोरिया-दर्दमारा (एसएच-22) के फोरलेन कार्य को भी समीक्षा में शामिल किया गया। इसके अलावा भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी एनएच-80 तथा एनएच-333ए के कटोरिया, लखपुरा, बांका और पंजवारा बाईपास से जुड़ी परियोजनाओं की स्थिति भी देखी गई।
आरओबी और बड़े पुलों की प्रगति भी जांची
भागलपुर-बौंसी रेलवे लाइन पर आरओबी और एसएम कॉलेज-मिर्जानहाट मार्ग पर आरओबी निर्माण की समीक्षा की गई। आरहनी नदी पर एचएल आरसीसी ब्रिज और सुखानिया नदी पर फोरलेन एचएल आरसीसी मेजर ब्रिज की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
गंगा पुल और गंगा पथ परियोजनाओं पर फोकस
सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल समेत अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई। मुंगेर (सफीयाबाद)-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज गंगा पथ तथा सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ की वर्तमान स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
भू-अर्जन और पर्यावरण क्लीयरेंस में तेजी के निर्देश
मंत्री ने कहा कि परियोजनाओं को गति देने के लिए भू-अर्जन, फारेस्ट और पर्यावरण क्लीयरेंस समेत सभी तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं। अधिकारियों को संबंधित मामलों में आवश्यक समन्वय कर काम आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
एनएच-80 का 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा
बैठक में बताया गया कि एनएच-80 के भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी खंड में 47.815 किलोमीटर सड़क के पुनर्वास और दो-लेन विद पेव्ड शोल्डर चौड़ीकरण का काम 95 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
