रणजी ट्रॉफी: खराब प्रदर्शन के बाद बिहार टीम में बड़ा बदलाव, शकीबुल की जगह 34 साल के बल्लेबाज को मिली कमान
रणजी ट्रॉफी में लगातार खराब प्रदर्शन और तीन हार के बाद बिहार क्रिकेट टीम का कप्तान बदल दिया गया है। ...और पढ़ें

खराब प्रदर्शन के बाद बिहार टीम में बड़ा बदलाव
HighLights
लगातार हार के बाद बिहार रणजी टीम का कप्तान बदला।
मंगल महरोर को टीम की नई कमान सौंपी गई।
तीन युवा खिलाड़ी टीम में शामिल, ऊर्जा बढ़ाने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, पटना। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप में बिहार क्रिकेट टीम के लगातार लचर प्रदर्शन और शुरुआती तीनों मैचों में मिली करारी हार के बाद गुरुवार को कप्तान बदल दिया गया।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने खराब फॉर्म से जूझ रही टीम की कमान गयाजी के 34 वर्षीय बल्लेबाज मंगल महरोर को सौंपी है। पिछले दो सत्र से कप्तान रहे शकीबुल गनी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
गोवा के खिलाफ दो नवंबर से पनजी में खेले जाने वाले मुकाबले के लिए अंडर-23 टीम के बल्लेबाज पृथ्वीराज, अपनी फिरकी से विरोधियों को छकाने वाले स्पिन गेंदबाज सुमन कुमार और अपनी गति से प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज वासुदेव प्रसाद को शामिल किया गया है।
पीयूष कुमार, आदित्य राज और राघवेंद्र प्रताप सिंह को टीम से बाहर किया गया है। बिहार रणजी क्रिकेट टीम ने इस सत्र में एलीट वर्ग के लगातार तीन मुकाबलों में निराशाजनक प्रदर्शन किया। राजगीर में खेले गए रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में उत्तर प्रदेश ने एक पारी और 267 रनों से शिकस्त दी थी।
बड़ौदा में खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम ने मेहमानों को 10 विकेट से मात दी थी। मध्य प्रदेश ने इंदौर में खेले गए चार दिवसीय मुकाबले के दूसरे ही दिन बिहार को एक पारी और 174 रनों से हराया था।
सलामी बल्लेबाज मंगल महरोर बीते तीन मुकाबलों में बिहार के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी है। उन्होंने तीन मुकाबलों की छह पारियों में एक शतक की बदौलत कुल 255 रन बनाए हैं।
उनके इस निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम को संकट से उबारने की जिम्मेदारी दी है। लगातार मिल रही हार के बाद टीम के चयन में भविष्य की तैयारियों की झलक भी देखने को मिली है।
नए जोश से बढ़ेगी टीम की ऊर्जा:
टीम में ऊर्जा और धार बढ़ाने के लिए अंडर-23 टीम के तीन होनहार युवा खिलाड़ियों को सीनियर टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज वासुदेव प्रसाद एमआरएफ पेस फाउंडेशन के माध्यम से चयनित होकर आस्ट्रेलिया में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद लौटे हैं।
उनके इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण अनुभव से बिहार की तेज गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। समस्तीपुर के 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर सुमन कुमार वर्ष 2024 में कूच बिहार क्रिकेट प्रतियोगिता में राजस्थान के विरुद्ध एक पारी में सभी 10 विकेट लेकर कीर्तिमान गढ़ा था।
पृथ्वीराज कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप मुकाबले में नगालैंड के खिलाफ 282 रनों की पारी खेल चर्चा में आए थे।
