Bihar Politics: किसने किसको हाईजैक किया? नीतीश को लेकर तेजस्वी और विजय चौधरी में छिड़ी जुबानी जंग
मंत्री विजय कुमार चौधरी ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन सरकार में उनकी कथित हाईजैक की कोशिशों की याद दिलाई। तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर कटाक्ष किया जिस पर सिन्हा ने तीखा जवाब दिया। अशोक चौधरी ने तेजस्वी से उनके कार्यकाल की योजनाओं के बारे में पूछा। तेजस्वी ने दामाद के मुद्दे पर अशोक चौधरी को घेरा जबकि सम्राट चौधरी ने तेजस्वी को बेचारा कहकर पलटवार किया।

राज्य ब्यूरो, पटना। जल संसाधन एवं संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को याद दिलाया कि महागठबंधन की साझा सरकार के दिनों में आप (तेजस्वी) भी सरकार को हाईजैक करना चाहते थे, कहां कर पाए।
तेजस्वी ने अपने भाषण के दौरान चौधरी को सलाह दी कि वे मुख्यमंत्री को बताएं कि किस तरह उन्हें भाजपा हाईजैक कर रही है। चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार को कोई हाईजैक नहीं कर सकता है। आपने भी प्रयास किया था। सफल नहीं हो पाए।
'प्रधानमंत्री की गाड़ी पर लंबे कद के सम्राट...'
तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर मजाक के अंदाज में ही तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा- लखीसराय में एक केंद्रीय मंत्री हैं, जो इन्हें चैन से जीने नहीं देते हैं। प्रधानमंत्री की गाड़ी पर लंबे कद के सम्राट चौधरी आगे खड़े हो जाते हैं। उनके पीछे विजय सिन्हा नजर नहीं आते हैं।
'आपकी तरह मुंहे में सोने का चम्मच लेकर...'
सिन्हा ने प्रतिवाद किया। बोले- मैं दो मुख्यमंत्री का बेटा नहीं हूं। शिक्षक का बेटा हूं। जमीन पर रहता हूं। आपकी तरह मुंह में सोने का चम्मच लेकर नहीं पैदा हुआ हुआ हूं। अनुकंपा पर राजनीति में नहीं आया हूं। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी को टोका- आप उप मुख्यमंत्री रहे हैं। अपने कार्यकाल की किसी एक योजना का नाम बता दें, जिसकी शुरुआत आपने की है।
तेजस्वी ने बाद में दामाद के बहाने अशोक चौधरी को घेरा। कहा कि एनडीए का मतलब नेशनल दामाद आयाेग या नेशनल दामाद अलायंस है। उन्होंने कहा कि चौधरी के दामाद तो आरएसएस कोटा से मेंबर (धर्मिक न्यास पर्षद) बने हैं। पता नहीं कब से सरकार में आरएसएस कोटा लागू हो गया।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी को एकबार बेचारा कह दिया। उन्होंने समय गंवाए बिना उत्तर दिया- यह बेचारा आपको बेचारा बना दिया। तेजस्वी ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रपत्र पर देवघर में जिलेबी बेची जा रही है। ये प्रपत्र जहां तहां बेचे जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।