विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Politics: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को मिली बड़ी राहत, सीबीआइ कोर्ट ने दे दी हरी झंडी

By Akshay PandeyEdited By:
Published: Tue, 14 Jun 2022 04:56 PM (IST)

लालू प्रसाद यादव को सीबीआइ कोर्ट मंगलवा को बड़ी राहत मिली। अदालत ने उनका पासपोर्ट वापस देने की इजाजत दे ...और पढ़ें

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव। जागरण आर्काइव।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव। जागरण आर्काइव।

जागरण टीम, पटना। चारा घोटाले के मामले में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) कोर्ट ने मंगलवार को बड़ी राहत दी। अदालत ने उनका पासपोर्ट रिलीज करने की इजाजत दे दी है। बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर जाना चाहते हैं। ऐसे में अब वह भारत से बाहर जाकर अपना उपचार करा सकेंगे। कोर्ट के आदेश के बाद उनके पासपोर्ट के नवीनीकरण का रास्ता साफ हो गया है। बता दें कि लालू का पासपोर्ट झारखंड में सीबीआइ की विशेष अदालत ने जमा कर लिया था। इस वजह से लालू देश के बाहर नहीं जा सकते थे। लालू अभी अस्वस्थ चल रहे हैं। किडनी के इलाज के लिए उन्होंने पासपोर्ट रिलीज करने की दरख्वास्त कोर्ट से की थी। 

राजद सुप्रीमो के वकील ने कोर्ट से गुहार लगाई थी कि लालू को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर जाना है। ऐसे में उनका पासपोर्ट रिलीज किया जाए। लालू के वकील ने पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने की बात कहते हुए नवीनीकरण की बात अदालत से कही गई थी। हालांकि लालू के सिंगापुर जाने के लिए उनके वकील को कोर्ट में अलग से एक याचिका दाखिल करनी होगी। चारा घोटाले के कई मामलों में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव अस्वस्थ होने के कारण अभी जमानत पर हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। लालू प्रसाद यादव कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें किडनी की परेशानी के साथ, हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, स्टोन और तनाव से लेकर कई तरह की समस्या है। लालू को चारा घोटाले के कई मामलों में सजा दी जा चुकी है। अभी राजद सुप्रीमो खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर जेल से बाहर हैं। लालू पटना स्थित राबड़ी आवास पर रह रहे हैं। इसके पहले वह बेटी व राज्यसभा सदस्य मीसा भारती के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर रह रहे थे।