Bihar Politics: पप्पू यादव ने लालू यादव को कहा धृतराष्ट्र, मुकेश सहनी के हेलीकाप्टर में बैठ गए बच्चे
Bihar Politics लालू यादव अपने पुत्रों के मोह में धृतराष्ट्र बन गए हैं। यह बात कभी लालू यादव के बेहद करीबी रहे जन अधिकार पार्टी सुप्रीमो पप्पू यादव ने कही है। इधर चुनाव प्रचार में जुटे मुकेश सहनी के हेलीकाप्टर में कुछ बच्चे बैठ गए।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: लालू यादव अपने पुत्रों के मोह में धृतराष्ट्र बन गए हैं। यह बात कभी लालू यादव के बेहद करीबी रहे जन अधिकार पार्टी सुप्रीमो पप्पू यादव ने कही है। उन्होंने कहा कि अपने पुत्रों के मोह में सबकुछ भूल चुके हैं। संजय की आंखों से बिहार देख रहे हैं। आज भी उनके लिए परिवार ही सबकुछ है। इधर, विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो एक साथ बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों ही जगह चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस क्रम में वे सोमवार को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में थे। यहां उनकी रैली में शामिल होने आए छोटे बच्चे उनके हेलीकाप्टर में बैठ गए।
पप्पू ने कहा- अनुसूचित जाति का हमेशा अपमान करते रहे हैं लालू
पप्पू यादव ने कहा कि 1990 से लेकर अभी तक अनुसूचित जाति के प्रति उनके व्यवहार में परिवर्तन नहीं आया। जो नकारात्मक सोच कल थी वही आज भी है। अनुसूचित जाति नेताओं को अपमानित करना उनकी पुरानी आदत है। उन्होंने कहा समय-समय पर लालू ने रामसुंदर दास, कर्पूरी ठाकुर, रामविलास पासवान और जीतन राम मांझी जैसे नेताओं को अपमानित किया। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास को भी अपमानित किया। उनका यह व्यवहार कुछ नवसामंत की तरह है। उन्होंने आरोप लगाए कि बिहार का विपक्ष भाजपा से मिला हुआ। जिसके खिलाफ वे कांग्रेस के पक्ष में जोरदार प्रदर्शन करेंगे। उम्मीद है जनता कांग्रेस के उम्मीदवार के हाथों को मजबूत करेगी।
जीतेंगे नहीं तो हरा देंगे सैकड़ों सीटों पर
इधर, विकासशील इनसान पार्टी (वीआइपी) के अध्यक्ष एवं पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी ने सोमवार को बलिया में रैली में मौजूद बच्चों को हेलीकाप्टर पर बैठाकर घुमाया। उन्होंने कहा कि मिशन-2022 में वीआइपी अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी। इसके लिए 169 सीटों को चिह्नित किया गया है, जहां निषाद, बिंद, कश्यप का मजबूत आधार है। हम जीतेंगे नहीं तो विरोधी को सैकड़ों सीटों पर हरा देंगे। किंग नहीं तो किंगमेकर जरूर बनेंगे।
फूलन देवी को मानते हैं सहनी
सहनी ने कहा कि कोई राम को मानता है कोई रहीम को। हम फूलन देवी को मानते हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार ने उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने व स्थापित करने से रोक दिया, लेकिन हम भी मानने व डरने वाले नहीं। अब श्रीराम-निषादराज की मित्रता के नाम पर भाजपा को निषाद समाज वोट नहीं करेगा। निषाद समाज को अनुसूचित जाति का आरक्षण व उनका अधिकार चाहिए।