Bihar Politics: विधान परिषद की 16 सीटों पर टिकी एनडीए व महागठबंधन के दिग्गजों की नजर
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में पराजय का मुंह देखने वाले बड़े नेताओं को अब विधान परिषद की 16 खाली सीटों से आसरा है। वे इन सीटों के लिए जुगाड़ भिड़ाने में लग गए हैं। राज्यसभा की भी एक सीट अभी खाली है।
पटना, जेएनएन। विधानसभा चुनाव में हारे दिग्गजों की नजर अब विधान परिषद की रिक्त 16 सीटों पर टिकी है। इसमें महागठबंधन और एनडीए के नेताओं को सर्वाधिक उम्मीद है। राज्यसभा कोटे की भी एक और सीट खाली है। यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से रिक्त है। भाजपा के कई दिग्गजों की नजर इस सीट पर भी टिकी हुई है।
13 सीटों पर मनोनयन के जरिये होना है फैसला
विधान परिषद की जो सीटें खाली हैं, उनमें 13 सीटें सीधे मनोनयन वाली हैं। तीन सीट स्थानीय प्राधिकार कोटे की खाली है। स्थानीय प्राधिकार कोटे की सीटों में एक सीट दरभंगा स्थानीय प्राधिकार से चुनकर आए सुनील कुमार सिंह के निधन के कारण से रिक्त है। वहीं, दो सीटें रीतलाल यादव और मनोज यादव के विधानसभा चुनाव जीतने की वजह से खाली हुई हैं।
मुकेश सहनी और अशोक चौधरी का चुना जाना लगभग तय
एनडीए में एक सीट पर विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश साहनी और जदयू के अशोक चौधरी के चुनकर जाना तय माना जा रहा है। नीतीश सरकार में दोनों किसी सदन के सदस्य नहीं हैं और मंत्री पद की शपथ ले ली है। ऐसे में मुकेश साहनी और अशोक चौधरी का विधान परिषद के मनोनयन कोटे से चुना जाना तय है।
भाजपा और जदयू के बीच बंटेगी मनोनयन वाली सीटें
मनोनयन कोटे वाली 12 सीटों में पर भाजपा और जदयू के दिग्गजों को समायोजित किए जाने की तैयारी है। जदयू के आठ मंत्री चुनाव हार गए हैं। वहीं, भाजपा के दो मंत्री चुनाव हारे हैं। इसके अलावा भाजपा और जदयू के अन्य वरिष्ठ नेताओं का नाम भी विधान परिषद के लिए तेजी से चर्चा में है।
जानिए रेस में कौन-कौन नाम
जदयू की ओर से पूर्व मंत्री और जहानाबाद से चुनाव हारने वाले कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा और मुंगेर जिले के जमालपुर से चुनाव हारने वाले पूर्व मंत्री शैलेश कुमार का विधानसभा कोटे से चुना जाना तय माना जा रहा है। वहीं, भाजपा में विधानसभा कोटे से बोचहा की पूर्व विधायक बेबी कुमारी, प्रदेश महामंत्री और गोपालगंज के पूर्व सांसद जनक राम, पूर्व एमएलसी राधा मोहन शर्मा, संदेश के पूर्व विधायक और पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह टाइगर का विधानसभा कोटे से एमएलसी चुना तय माना जा रहा है।