Bihar Politics: मुकेश सहनी ने खोली पोल, बोले- लालू यादव ने किया था फोन; कहा- बदल दो पार्टी
Bihar Politics बिहार की दो सीटों पर उपचुनाव को लेकर 30अक्टूबर को वोटिंग होगी। उससे पहले सूबे की सियासत तेज हो गई है। विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष और पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि लालू यादव ने उन्हें फोन किया था।
पटना, आनलाइन डेस्क। बिहार में कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा सीट पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव (By-Election) होने हैं। एनडीए की तरफ से कुशेश्वरस्थान सीट से अमन भूषण हजारी और तारापुर से राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को नामांकन किया। लेकिन इस उपचुनाव में महागठबंधन टूट गया। लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad yadav) की पार्टी आरजेडी के बाद अब कांग्रेस (Congress) ने भी दोनों सीटों से अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस और आरजेडी के बीच चल रही तनातनी के बीच विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और नीतीश सरकार में पशुपालन मंत्री मुकेश साहनी ने राजद सुप्रीमो पर बड़ा आरोप लगाया है। मुकेश सहनी(Mukesh Sahani) ने कहा है कि, लालू यादव ने उन्हें जेल से फोन किया था।
' जेल से फोन किया करते थे लालू यादव'
विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष बिहार सरकार के पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी ने लालू प्रसाद यादव पर बड़ा आरोप लगाया है। मंगलवार को तारापुर में एनडीए उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह (Rajiv Kumar Singh) के लिए चुनाव प्रचार करने गए सहनी ने कहा कि,जब वे महागठबंधन में थे तो उनकी और मांझी जी की कोई कदर ही नहीं थी। सहनी ने कहा कि, लालूजी हमको जेल से फोन करते थे और कहते थे कि बदल दो पार्टी। उन्होंने कहा कि ये सपना नहीं देखना चाहिए। हमलोग मजबूती के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ एनडीए की सरकार में हैं।
'तेजस्वी दिन में देख रहे सपना'
सहनी ने सभा में कहा कि, लोग रात में सपना देखते हैं। लेकिन तेजस्वी यादव दिन में ही सपना देख रहे कि उनकी सरकार बन जाएगी। तेजस्वी यादव किस स्कूल से पढ़ के आए हैं? सहनी ने इस दौरान सरकार बनाने को लेकर समीकरण की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि, बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है।राजद के पास 110 सीट है, ओवैसी की पार्टी का समर्थन मिल जाता है तो कुल 115 सीटें होती हैं। मान लीजिए कि वो लोग इस उपचुनाव में एक सीट जीत भी जाते हैं तो कुल 115 सीट ही उनके पास होंगी। तो वे लोग सरकार कैसे बना पाएंगे।