Bihar Government: नई सरकार के मंत्रियों ने संभाल ली जिम्मेदारी, अब विभागों की समीक्षा की बारी
Bihar Politics उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद आज संभालेंगे नगर विकास एवं आवास विभाग का कार्यभार ज्यादातर मंत्री संभाल चुके हैं अपने विभाग की जिम्मेदारी छठ की छुट्टी से लौटने के बाद सरकार के कामकाज में गति आने की उम्मीद
पटना, जेएनएन। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले विभागों में समीक्षा का दौर शुरू होने वाला है। सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी ने कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल ली है। छठ का अवकाश होने के चलते अभी किसी ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा नहीं की है। तारकिशोर प्रसाद रविवार होने के बावजूद नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। बाकी विभागों की योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। रेणु देवी सोमवार से समीक्षा शुरू करेंगी। उनके पास उद्योग, पंचायती राज एवं अतिपिछड़ा कल्याण विभाग की भी जिम्मेवारी है। नए मंत्रियों ने अपने विभागीय सचिवों को समीक्षा की तैयारी का निर्देश दे दिए हैं। विभागीय स्तर पर प्रजेंटेशन तैयार किया जा रहा है। जिलों से प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है। उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद रविवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे।
जीवेश ने नहीं अभी तक नहीं संभाला पदभार
सरकार में भाजपा कोटे के सात मंत्रियों में छह ने अपने-अपने विभागों का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अब केवल एक मंत्री जीवेश मिश्रा को श्रम संसाधन, पर्यटन और खान एवं भूतत्व विभाग का कार्यभार संभालना शेष है। अभी तक उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के अलावा मंत्रियों में मंगल पांडेय, अमरेंद्र प्रताप सिंह, रामप्रीत पासवान और रामसूरत राय ने अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारी संभाल ली है।
भाजपा के सात मंत्रियों में छह हैं नये
अहम यह है कि इस बार भाजपा के सात मंत्रियों में छह मंत्री नए हैं। मंत्रियों को थोक में कई-कई विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। सिर्फ एक मंत्री मंगल पांडेय पुराने हैं। लेकिन मंगल पांडेय के लिए भी पथ निर्माण और कला, संस्कृति एवं खेलकूद विभाग नया है। केवल स्वास्थ्य विभाग पुराना है। मंगल पांडेय पिछली सरकार में भी स्वास्थ्य मंत्री थे। इस बार भी स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। नये मंत्रियों को कामकाज समझने में थोड़ा समय लग सकता है।