Bihar Politics: नीतीश-तेजस्वी को ले आरजेडी-जेडीयू नेताओं में फ्रेंडली फाइट, उपेंद्र कुशवाहा के बयान का शादी कनेक्शन
Bihar Politics क्या नीतीश कुमार 2023 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाकर केंद्र की राजनीति में जाएंगे? आरजेडी के जगदानंद सिंह के इस बयान के बाद से आरजेडी व जेडीयू नेताओं में फ्रेंडली फाइट का नजारा है। किसने क्या कहा जानिए इस खबर में।
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने एक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Dy.CM Tejashwi Yadav) को मुख्यमंत्री संबोधित किया था। निश्चित ताैर पर उनकी जुबान फिसल गई थी। इसके बाद बीते दिन राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह (Jagdanand Singh) ने कहा कि नीतीश कुमार की बातों से लगता है कि वे 2023 में तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाकर केंद्र की राजनीति करेंगे। आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने भी शुक्रवार को ऐसा ही कहा।
आरजेडी की तरफ से आ रहे ऐसे बयानों पर अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने राजनीति में दोस्ताना संघर्ष (Friendly Fight) वाली प्रतिक्रियाएं दी हैं। जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने तंज भरे लहजे में कहा है कि जगदानंद का एक पिता का अनहोनी के भय से अपनी संतान का विवाह जैसे-तैसे निपटाने की कोशिश जैसा है।
जगदानंद व भाई वीरेंद्र ने क्या कहा, जानिए
आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा था कि नीतीश कुमार घोषणा के अनुसार लगता है कि वे 2022 बीतने के बाद 2023 में बिहार की जिम्मेदारी तेजस्वी यादव को सौंपकर केंद्र की राजनीति करेंगे। जगदानंद ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी सौंपने का मतलब मुख्यमंत्री बनाना है। इसके अगले दिन शुक्रवार को आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने तेजस्वी को 'बिहार का भविष्य’ बताया। कहा कि तेजस्वी बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे और नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति करेंगे। भाई वीरेंद्र ने कहा कि सारी बातें तय हैं, केवल वक्त तय नहीं है।
अब जेडीयू की ओर से भी आईं प्रतिक्रियाएं
जगदानंद सिंह और भाई वीरेंद्र के बयानों से बिहार में राजनीतिक कयासों का बाजार गर्म हो गया है। इन बयानों की टाइमिंग को लेकर सवाल किए जा रहे हैं तो अर्थ भी निकाले जा रहे हैं। बड़ा सवाल यह खड़ा है कि क्या वाकई नीतीश कुमार अगले बिहार विधानसभा चुनाव के पहले ही 2023 में तेजस्वी को मुख्यमंत्री बना देंगे? इन सवालों व कयासों पर अब जेडीयू की ओर से भी प्रतिक्रियाएं आई हैं।
'हैरान करने वाला है जगदानंद का बयान'
जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उन्हें जगदानंद सिंह का बयान हैरान करने वाला लगा। आखिर इस तरह के बयान का इस वक्त क्या जरूरत थी? कुशवाहा ने कहा कि जगदानंद सिंह का बयान उस पिता के एक्शन की तरह है जो किसी अनहोनी के भय से अपने बेटा या बेटी का विवाह जैसे-तैसे निपटाने की कोशिश करता है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि वे ऐसे बयानों को तवज्जो नही देते हैं। बिहार की नीतीश सरकार में जेडीयू कोटे से मंत्री अशोक चौधरी ने इसे व्यक्तिगत विचार करार देते हुए कहा कि ऐसे बेतुके बयान पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है।
यह भी पढ़ें: Bihar Politics: चिराग पासवान का NDA में कमबैक जल्द, चाचा-भतीजा को एक करने में जुटी बीजेपी ...INSIDE STORY
यह भी पढ़ें: अश्विनी चौबे बन गए मुनि विश्वामित्र, दिल्ली में दिखाया ये कमाल; बक्सर के बारे में कही खास बात