Bihar Politics: संगठन चुनाव संपन्न होने के बाद हर हफ्ते JDU दफ्तर में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे CM नीतीश
Bihar Politics मुखमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जेडीयू का संगठन चुनाव संपन्न होने के बाद वे हर हफ्ते पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। पटना में जेडीयू राज्य परिषद की बैठक में उमेश कुशवाहा को प्रदेश अण्यक्ष की कमान सौंपी गई।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) रविवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित पार्टी की राज्य परिषद की बैठक में शामिल हुए। इस मौके पर विधिवत रूप से उमेश कुशवाहा (Umesh Kushwaha) को पुन: जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गयी। राज्य परिषद की बैठक में मौजूद पार्टी के लोगों को मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन चुनाव संपन्न होने के बाद वह हर हफ्ते जेडीयू प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे और कार्यकर्ताओं से बात करेंगे।
जेडीयू के बल पर बीजेपी को मिला था अल्पसंख्यक वोट
मुख्यमंत्री ने बालिका शिक्षा की चर्चा करते हुए कहा कि बच्चियों की शिक्षा के लिए हमलोगों ने लगातार काम किया है। इसके सुखद परिणाम सभी के सामने हैं। अल्पसंख्यक समाज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमलोगों के काम के बदौलत ही 2010 में प्रदेश के अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का वोट भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिला।
वोट नहीं देने वाले भी नीतीश कुमार के समर्थक: ललन
इस अवसर पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि हमें इस बात का गर्व है कि जो लोग वोट देना नहीं चाहते, वे लोग भी हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थक हैं। हम सभी ने 2024 में बीजेपी मुक्त भारत का संकल्प लिया है। हम सब आपसी मतभेद को भूलकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
मर जाऊंगा पर बीजेपी में नहीं जाऊंगा : उपेंद्र कुशवाहा
जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मीडिया में चल रही बातों से हमें सावधान रहने की जरूरत है। मैं मर जाऊंगा पर बीजेपी में नहीं जाऊंगा। इसके अलावा मुझे बिहार सरकार में मंत्री भी नहीं बनना है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से यह आग्रह करूंगा कि वे कार्यकर्ताओं से अकेले में मिलें।
मनोयोग से पार्टी के लिए समर्पित रहूंगा: उमेश कुशवाहा
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेरे ऊपर जो भरोसा किया गया है उसके लिए मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के प्रति आभार प्रकट करता हूं। मैं पूरे मनोयोग से पार्टी के प्रति समर्पित रहूंगा।
बैठक में कौन-कोैन रहे मौजूद, यह भी जानिए
- सांसद डा. आलोक कुमार सुमन
- रामनाथ ठाकुर
- रामप्रीत मंडल
- पूर्व सांसद अली अशरफ फातिमी
- मंगनी लाल मंडल
- मंत्री बिजेंद्र यादव
- विजय चौधरी
- संजय झा
- लेसी सिंह
- मदन सहनी
- सुनील कुमार
- संजय सिंह
- संजय कुमार सिंह
- आफाक अहमद
- रवींद प्रसाद सिंह
- नंदकिशोर कुशवाहा
- पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता