मधुबनी नरसंहार पर बिहार की सियासत में उबाल, तेजस्वी ने सीएम नीतीश को बताया बेबस और लाचार
मधुबनी नरसंहार पर बिहार के राजनीतिक दल अपनी वोट बैंक को साधने में जुट गए हैं। के पीड़ितों से मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। उन्हें लाचार और बेबस मुख्यमंत्री बताया है।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार के मधुबनी जिला के मोहमदपुर गांव में हुए नरसंहार मामले पर राजनीति उबाल पर है। होली के दिन एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या मामले पर सभी राजनीतिक दल अपनी जातिगत राजनीति चमकाने और वोट बैंक को साधने में जुट गए हैं। राजद, बीजेपी और कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों के नेता पीडि़तों से मिलने पहुंच रहे हैं। मधुबनी नरसंहार के पीड़ितों से मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। उन्हें अब तक का सबसे बेबस और लाचार मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने यह बात बुधवार को पटना स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा है।
नरसंहार पर सियासत
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार की कानून व्यवस्था को सुधारने में कोई दिलचस्पी नहीं। केवल जोड़तोड़ कर के अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। हमने तो पीड़ित परिवार के आंसू पोछे। सवाल किया कि नीतीश कुमार अबतक पीड़ितों से मिलने क्यों नहीं जा रहे है? मुख्यमंत्री के साथ दो उप मुख्यमंत्री बिहार में है मगर वे भी पीड़ित परिवार से नहीं मिलने गए।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह से फेल हो गए हैं। और अब वो भारी डिप्रेशन में हैं । उन्होंने बीजेपी के मंत्री के मधुबनी दौरे का हवाला देकर कहा है कि बिहार सरकार के मंत्री नीरज कुमार बबलू ने भी माना कि,मधुबनी में नरसंहार हुआ है।
तेजस्वी ने लगाई आरोपों की झड़ी
तेजस्वी ने पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा पर हमला किया और कहा कि बीजेपी के विधायक विनोद नारायण झा मधुबनी कांड के दोषी के साथ मुलाकात करते हैं। घटना के एक दिन पहले उनकी दोषियों से मुलाकात भी हुई थी। उनपर षड्यंत्र का केस चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कुशासन और राक्षस राज में किसी को कोई न्याय नहीं मिल रहा। विपक्ष अगर पीड़ित की आवाज उठाता है तो उसे पब्लिसिटी कहा जाता है। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन का आरोपियों को सपोर्ट मिला है। उन्होंने कहा कि अभी तक फॉरेंसिक टीम घटनास्थल क्यों नहीं पहुंची। आखिर किसको बचाने के लिए ये सब हो रहा है। सरकार किनको बचाने में लगी। सरकार को मामले में सफाई देनी चाहिए।
उधर, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा के निर्देश पर पार्टी की छह सदस्यीय टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। घटनास्थल और पीड़ित परिवारों से मिलकर लौटे छह सदस्यीय टीम ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से घटना की जानकारी दी।
सीएम नीतीश का जवाब
इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले कह चुके हैं कि पुलिस अपना काम कर रही है। इस मामले में डीजीपी से मेरी कई बार बात हो चुकी है। कुछ लोग मेरे नाम पर राजनीति चमका रहे तो चमकाए, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।