Bihar politics: बीजेपी बोली- प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं सीएम नीतीश, बिहार में आ गया जंगलराज
Bihar politics बीजेपी से नाता तोड़कर नीतीश कुमार ने महागठबंधन के साथ मिलकर नई सरकार बना ली। इसके बाद से ही भाजपा लगातार मुख्यमंत्री पर हमलावर है। पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर सिंह ने कहा है कि सीएम पीएम बनने का सपना देख रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा विधान मंडल दल के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने के लिए मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, लेकिन पलटू राम को जनता पहचान चुकी है। राष्ट्रीय राजनीति में स्थान बनाने का नीतीश कुमार का सपना पूरा नहीं होगा। जंगलराज को जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। 24 घंटे के अंदर बिहार में जंगलराज कायम हो गया है । तारकिशोर गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि नीतीश कुमार का जब-जब प्रधानमंत्री बनने का मन में ख्याल उभरता है, वे जनादेश तोड़ देते हैं। भ्रष्टाचार पर नीतीश कुमार मौन हो गए जैसे लालू परिवार ने गंगा नहा लिया। वे मुद्दे आज भी हैं और कार्रवाई तथा जांच चल रही है। जांच एजेंसी व न्यायालय अपना निर्णय देगी। भाजपा जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। एक सवाल पर कहा कि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश को लेकर कोई भी निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगा। प्रेस कांफ्रेंस में सुरेश रूंगटा, राजू झा, राकेश सिंह और अशोक भट्ट मौजूद थे।