17वीं विधानसभा के पहले सत्र के लिए प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद, धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू
विधानसभा के पहले सत्र को लेकर प्रशासन के स्तर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। रविवार को विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा के लिए डीएम कुमार रवि एवं एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने विधानमंडल परिसर में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
पटना, जेएनएन। सत्रहवीं विधानसभा के पहले सत्र को लेकर प्रशासन के स्तर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। सत्र, 23 नवंबर को 11 बजे से प्रारंभ होकर 27 नवंबर तक चलेगा। रविवार को विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा के लिए डीएम कुमार रवि एवं एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने विधानमंडल परिसर में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय हाजिर होने और दायित्व का जवाबदेही से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने बताया कि सिर्फ पास होल्डर को ही परिसर में प्रवेश करने की अनुमति रहेगी। परिसर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक मध्य विनय तिवारी संपूर्ण विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर नितिन कुमार सिंह ने डीएम के आदेश के बाद विधान मंडल परिसर के आसपास दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दिया है। निषेध क्षेत्र की परिधि मेंं पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के जमा होने, जुलूस, धरना, घेराव, किसी भी तरह का अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने, बिना अनुमति के लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी।
नये विधायकों के साथ विधान पार्षदों की बैठक
भाजपा ने भी कल ही शाम पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विधानमंडल दल की बैठक बुलाई है। नये विधायकों के साथ विधान पार्षदों को बैठक में बुलाया गया है। दोपहर में शपथ ग्रहण के बाद विधानमंडल दल के नेता व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की अध्यक्षता में दल की बैठक होगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, पीएचईडी मंत्री रामप्रीत पासवान, श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री राम सूरत राय भी उपस्थित रहेंगे। विधानसभा सत्र से पहले इस बैठक में सदन को सुचारू रूप से चलाने और विपक्ष को मुद्दा विहीन करने की पार्टी रणनीति तय करेगी।