विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार पुलिस SI मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, 10759 अभ्यर्थी पीईटी के लिए सफल

Published: Fri, 19 Jun 2026 06:09 PM (IST)Updated: Fri, 19 Jun 2026 07:33 PM (IST)

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। ...और पढ़ें

1,799 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया

1,799 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया

HighLights

  1. बिहार पुलिस SI मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी।

  2. 10,759 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए सफल।

  3. पीईटी की तिथि और प्रवेश पत्र जल्द घोषित होंगे।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने शुक्रवार को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। आयोग द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार कुल 10,759 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए सफल घोषित किया गया है।

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने रोल नंबर के आधार पर परिणाम देख सकते हैं।

यह भर्ती प्रक्रिया राज्य में पुलिस अवर निरीक्षक के कुल 1,799 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। आयोग ने कहा है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि और प्रवेश पत्र से संबंधित सूचना अलग से जारी की जाएगी।

1,799 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया

इस भर्ती में विभिन्न वर्गों के लिए पद आरक्षित किए गए हैं। इनमें अनुसूचित जाति के 210, अनुसूचित जनजाति के 15, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 273, पिछड़ा वर्ग के 222, पिछड़ा वर्ग महिला के 42, अनारक्षित वर्ग के 850, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 180 तथा मंगलामुखी (ट्रांसजेंडर) वर्ग के सात पद शामिल हैं।

इन पदों पर नियुक्ति के लिए बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल है।

35 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए थे शामिल

प्रारंभिक लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए 35,857 अभ्यर्थी 27 मई को आयोजित मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी।

आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा दो अलग-अलग पत्रों में आयोजित हुई। पहला पत्र सामान्य हिंदी और दूसरा पत्र सामान्य अध्ययन का था। सामान्य हिंदी में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य रखा गया था।

हिंदी पेपर में 33,726 अभ्यर्थी हुए सफल

सामान्य हिंदी के प्रथम पत्र में कुल 34,302 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 414 अभ्यर्थियों को कदाचार और अन्य कारणों से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

इसके बाद 33,888 अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के बाद 33,726 अभ्यर्थी न्यूनतम 30 प्रतिशत अहर्तांक प्राप्त करने में सफल रहे और अगले चरण के लिए पात्र बने।

सामान्य अध्ययन में भी हुई सख्त जांच

द्वितीय पत्र सामान्य अध्ययन की परीक्षा में 34,298 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने परीक्षा के दौरान और बाद में कदाचार पर सख्ती बरती।

सामान्य अध्ययन के पेपर में 998 अभ्यर्थियों को विभिन्न कारणों से अयोग्य घोषित किया गया। इसके बाद मेरिट के आधार पर अंतिम परिणाम तैयार किया गया।

अब शारीरिक दक्षता परीक्षा की बारी

मुख्य लिखित परीक्षा में सफल घोषित 10,759 अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होना होगा। इसी परीक्षा के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पीईटी के आयोजन, केंद्र, तिथि और प्रवेश पत्र से जुड़ी विस्तृत सूचना जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

अभ्यर्थियों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।