विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार पुलिस लाई 'ऑनलाइन साइबर हैकाथॉन-2026', जीतने पर मिलेंगे लाखों के इनाम

Published: Mon, 12 Oct 2026 07:35 PM (IST)

बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई ने ऑनलाइन साइबर हैकाथॉन-2026 शुरू किया है। इसमें कॉलेज के छात्र साइबर ...और पढ़ें

ऑनलाइन साइबर हैकाथॉन शुरू, विजेता को मिलेंगे डेढ़ लाख रुपये (AI Generated Image)

ऑनलाइन साइबर हैकाथॉन शुरू, विजेता को मिलेंगे डेढ़ लाख रुपये (AI Generated Image)

HighLights

  1. बिहार पुलिस ने ऑनलाइन साइबर हैकाथॉन-2026 का शुभारंभ किया।

  2. कॉलेज छात्र साइबर अपराध समाधानों पर तकनीकी मॉडल बनाएंगे।

  3. विजेताओं को डेढ़ लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार मिलेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। साइबर अपराध पर लगाम लगाने और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) ने ऑनलाइन साइबर हैकाथॉन-2026 की शुरुआत की है।

एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में कॉलेज के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे और साइबर अपराध से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीकी माडल विकसित करेंगे।

हैकाथान की आधिकारिक वेबसाइट (https://cyberhackathon.bihar.gov.in) की लॉन्चिंग के साथ ही इस पर प्रतिभागियों का निबंधन शुरू हो गया है। निबंधन और विकसित समाधान जमा करने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर है।

सी-डैक और आईआईटी के विशेषज्ञ 20 नवंबर तक प्राप्त समाधानों की स्क्रीनिंग करेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में डेढ़ लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में एक लाख और तृतीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में सीसीएसयू के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा, डीआईजी अवकाश कुमार, साइबर एसपी चन्द्र प्रकाश और सी-डैक पटना के निदेशक अभिनव दीक्षित सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

पांच चुनौतियों पर तैयार करने होंगे समाधान

प्रतियोगिता के लिए पांच समस्या आधारित विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें वित्तीय धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल खातों की पहचान, एआई की मदद से एंड्रायड एप की सुरक्षा जांच, सोशल मीडिया पर सुनियोजित दुष्प्रचार की पहचान, जन शिकायतों के विश्लेषण एवं निपटारे की निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों की प्रामाणिकता की जांच शामिल हैं।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं की तकनीकी प्रतिभा को मंच देना और साइबर अपराधों से निपटने के लिए प्रभावी डिजिटल समाधान विकसित करना है।