Bihar Pension News: बिहार में 95.12% पेंशन लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी, 1.03 करोड़ लोगों का डेटा अपडेट
बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत आधार सीडिंग का काम तेजी से जारी है, जिसमें 1.03 करोड़ से ...और पढ़ें

पेंशन वितरण में पारदर्शिता पर जोर
HighLights
बिहार में 1.03 करोड़ से अधिक पेंशन लाभार्थियों का आधार लिंक।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 95.12% लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी।
पेंशन वितरण में पारदर्शिता हेतु मधुबनी जिला सबसे आगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत आधार सीडिंग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के एक करोड़ आठ लाख से अधिक पेंशन लाभार्थियों में से 1,03,06,571 लोगों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है।
समाज कल्याण विभाग अब शेष लाभार्थियों को जोड़ने में जुटा है, ताकि पेंशन वितरण में पारदर्शिता और व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
1.03 करोड़ से अधिक लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी
समाज कल्याण विभाग से पेंशन लेने वाले लाभार्थियों में अब तक 95.12 प्रतिशत की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुल एक करोड़ आठ लाख 36 हजार से अधिक लाभार्थियों में से 1,03,06,571 लोगों का आधार विवरण दर्ज किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पेंशन वितरण में पारदर्शिता पर जोर
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बुधवार को कहा कि आधार सीडिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य सभी लाभार्थियों का विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज करना और पेंशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुचारु बनाना है। उन्होंने कहा कि इससे लाभार्थियों की पहचान करने और योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
वृद्धजन पेंशन योजना में सबसे ज्यादा आधार सीडिंग
योजनावार आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना में सबसे अधिक 54,17,180 लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हुई है।
वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 25,21,601 लाभार्थियों का आधार विवरण दर्ज किया गया है। इन दोनों योजनाओं में आधार सीडिंग का आंकड़ा सबसे अधिक है।
दिव्यांग और विधवा पेंशन योजनाओं की भी स्थिति
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 8,71,927 लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हुई है। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन पेंशन योजना में 8,48,387, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 5,58,769 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगजन पेंशन योजना में 88,710 लाभार्थियों की आधार सीडिंग की जा चुकी है।
आधार सीडिंग में मधुबनी जिला सबसे आगे
जिलावार प्रगति में मधुबनी जिला सबसे आगे है। यहां अब तक 4,95,043 पेंशन लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। विभाग शेष लाभार्थियों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ने में जुटा है।
आधार सीडिंग को सतत प्रक्रिया बताते हुए विभाग ने सभी पात्र लाभार्थियों का विवरण दर्ज करने पर जोर दिया है, ताकि पेंशन योजनाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से किया जा सके।
