Move to Jagran APP

HIGHLIGHTS बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: मोतिहारी में ASI की पिटाई, पश्चिम चंपारण में लाठीचार्ज; भोजपुर में मतदाता की मौत

HIGHLIGHTS Bihar Panchayat Mukhiya Chunav पंचायत चुनाव के दौरान भोजपुर में एक मतदाता की मौत हो गई। पश्चिम चंपारण में पुलिस लाठीचार्ज तो मोतिहारी में एएसआइ की पिटाई हुई। जानिए मुखिया सरपंच ग्राम पंचायत सदस्य ग्राम कचहरी पंच पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्‍य के मतदान के हाइलाइट्स।

By Amit AlokEdited By: Published: Wed, 29 Sep 2021 06:02 AM (IST)Updated: Wed, 29 Sep 2021 05:16 PM (IST)
HIGHLIGHTS बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: मोतिहारी में ASI की पिटाई, पश्चिम चंपारण में लाठीचार्ज; भोजपुर में मतदाता की मौत
बिहार में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग। तस्‍वीर: जागरण।

पटना, जागरण टीम। Bihar Panchayat Mukhiya Chunav HIGHLIGHTS बिहार में पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Election 2021) के दूसरे चरण में बुधवार को मतदान के दौरान कई जगह हंगामा व मारपीट हुई। सुबह-सुबह भोजपुर में दो मुखिया प्रत्‍याशियों में भिड़त के कारण एक बूथ पर जबरदस्‍त हंगामा हो गया। मधेपुरा में एक महिला वोटर लाइन में खड़े-खड़े हीं बेहोश हो गई तो भोजपुर में एक मतदाता की बूथ पर हीं मौत हो गई। जमुूई, भोजपुर व मुजफ्फरपुर सहित कई अन्‍य जगहों पर भी हिंसक घटनाएं हुईं। इसके बावजूद 34 जिलों में 48 प्रखंडों की 692 पंचायतों की जनता गांव की सरकार बनाने के लिए मुखिया, सरपंच, ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम कचहरी पंच, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्‍य के पदों के लिए कुल मिलाकर शांतिर्ण ही माना जाएगा। मतदान में 21,131 पदों के लिए प्रतिनिधि चुने जाने हैं। मतदान शांतिपूर्ण रहे, इसके लिए पुलिस-प्रशासन देर रात से हीं अलर्ट रहा। सुबह से हीं मतदानकर्मी मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे।

loksabha election banner

Bihar Panchayat Mukhiya Chunav 2nd Phase Voting HIGHLIGHTS

05:02 PM- राज्‍य के 34 जिलों में 48 प्रखंडों की 692 पंचायतों में 21,131 पदों के लिए जनप्रतिनिधियों के चुनाव के लिए सुबह सात बजे से जारी मतदान सायं पांच बजे समाप्‍त हो गया। छिटपुट घंटनाओं के बावजूद मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण माना जाएगा।

04:30 PM- मुजफ्फरपुर के सरैया के बूथ संख्या 357-358 पर हंगामा की आशंका है। लोग जबरदस्ती वोट डालने की कोशिश कर रहे हैं। अभी भी 150-150 मतदाता लाइन में हैं।

04:00 PM- रोहतास जिला के नौहट्टा और रोहतास प्रखंडों के 224 बूथों पर मतदान संपन्‍न हो चुका है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां सुरक्षा की दृष्टि से शाम चार बजे तक ही मतदान हुआ। शांतिपूर्ण  चुनाव  यहां कराने के लिए  सुरक्षा बलों को चप्पे चप्पे पर तैनात किया गया है। सोन नदी के सभी घाटों से नाव का परिचालन सुबह से ही बंद कर दिया गया है। झारखंड और यूपी की सीमा को भी सील किया गया है।

03:20 PM- मतदान का अंतिम दौर आ चुका है। धीरे-धीरे बूथों पर लगी कतारें कम हो रहीं हैं। हालांकि, कई जगह अभी भी लंबी कतारें लगी हुईं हैं। शुरुआती दौर की कुछ हिंसक घटनाओं के बाद अब मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है।

02:50 PM- पटना के पालीगंज में 88 वर्षीय वृद्ध बंगाली राम ने मतदान किया। मतदान केंद्र पर पहुंचकर वे काफी उत्साहित दिखे। उनका मानना है कि अपनी इच्‍छानुसार जनप्रतिनिधि चुनने के लिए घर से बाहर निकलकर बूथ तक पहुंचना जरूरी है। मत देना जरूरी है। उन्‍होंने क्षेत्र के विकास के लिए अच्छी सोच के साथ इस महापर्व को सफल बनाने की अपील की।

02:20 PM- मधुबनी के पंडौल व रहिका प्रखंड में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। मतदान में सुबह से ही महिलाएं पुरुषों से आगे चल रहीं हैं। जितिया पर्व के कारण अधिकांश महिला मतदाता व्रत में हैं। इस कारण भी महिलाओं ने सुबह के समय मतदान को तरजीह दी। हालांकि, धूप खिलने के बाद भी महिलाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आ रही है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

01:50 PM- जमुई के अलीगंज प्रखंड के कोलहाना वार्ड संख्या दो पर मतदान के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

01:30 PM- पूर्वी चंपारण के फेनहारा के रुपौलिया पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 48 पर बुधवार को फर्जी मतदाताओं को रोकने के दौरान जमकर झड़प हुई। इस दौरान कुछ लोगों ने एक सहायक दारोगा की पिटाई कर दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया। पुलिस ने नारायण पाण्डेय नामक युवक को हिरासत में लिया। बताया जाता है कि पंचायत चुनाव को लेकर वोट डाले जा रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर हंगामा हो गया।

01:00 PM- पंचायत चुनाव मतदान के साढ़े पांच घंटे बीत चुके हैं। छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान अभी तक कुल मिलाकर शांतिपूर्ण माना जाएगा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के कारण कई जगह वारदातें टालने में सफलता मिली।

12:30 PM- भोजपुर के पीरो के लहठान पंचायत के पिटरों गांव में बूथ संख्या 170 पर लाइन में खड़े मतदाता की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक पिटरों गांव के वार्ड नम्बर नौ के निवासी रामेश्वर महतो थे।

12:00 PM- नवादा के महुलियाटांड में चलने-फिरने में लाचार महिला प्यारी देवी को खाट पर लेकर वोट दिलाने गए स्वजन। प्यारी देवी का पैर टूट गया है। महुलियाटांड़ नक्सल प्रभावित इलाका है। 2009 में यहां रैदास जयंती के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नक्सलियों ने कौआकोल थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मियों को गोलियों से भून डाला था।

11:20 AM- पश्चिम चंपारण के चनपटिया प्रखंड के उत्तरी घोघा पंचायत के बूथ नंबर 146 पर दो गुटों विवाद के बाद पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजी। डीएम कुंदन कुमार और एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा मौके पर पहुंचे। डीएम ने कहा, मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है।

11:53 AM- रोहतास जिला के नौहट्टा और रोहतास प्रखंडों के 224 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कैमूर पहाड़ी के सुदूर गांवों में भी मतदान को ले काफी उत्साह है। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ये दोनों प्रखंड नक्सल प्रभावित रहे हैं। भयमुक्त और शांतिपूर्ण चुनाव  यहां कराने के लिए  सुरक्षा बलों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है। सोन नदी के सभी घाटों से नाव का परिचालन सुबह से ही बंद कर दिया गया है। झारखंड और यूपी की सीमा को भी सील कर सघन जांच की जा रही है।

10:25 AM- सीतामढ़ी के चोरौत प्रखंड में मुखियई के लिए मां शकीला हुसैन व बेटी अनीसा हुसैन आमने-सामने हैं। चोरौत पूर्वी पंचायत में 20 साल से दो भाई राम प्रवेश चौधरी और राम नरेश चौधरी आमने-सामने हो रहे हैं।

11:10 AM- नवादा के कौआकोल प्रखंड में जंगल, पहाड़ पार कर 10 किलोमीटर का फासला तय कर लोग वोट देने जा रहे हैं। इसका कारण प्रखंड के उग्रवाद प्रभावित दनिया गांव का बूथ पचंबा में स्थानांतरित कर देना है। 11:00 AM- भोजपुर जिले में कई जगहों से बायोमेट्रिक सिस्‍टम खराब होने की खबरें आ रही हैं। अधिकतर जगहों पर ऐसी समस्‍या आ रही है। हालांकि इससे मतदान पर असर नहीं पड़ रहा है। 

10:45 AM-  आरा जिले के पीरो प्रखंड के 216 खैरी तिवारीडीह बूथ पर  बायोमेट्रिक सिस्टम खराब हो गया है। वैशाली जिले में मतदान की रफ्तार ठीक है। यहां पहले दो घंटे में 10 फीसद मतदान हुआ है। कुल 330 बूथों पर मतदान हो रहा है। डीएम उदिता सिंह और एसपी मनीष लगातार निगरानी में जुटे हैं। पालीगंज प्रखंड के 23 पंचायत में सुबह से तीन घंटे में 20.36 फीसद मतदान।

10:25 AM- पंचायत चुनाव के दौरान मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड अंतर्गत रामपुर विश्वनाथ पंचायत के निवर्तमान पंचायत समिति एवं उम्मीदवार राजन चौधरी के ऊपर हमला किया गया। वे क्षेत्र में निकले थे। इसी क्रम में बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की। गोली बाइक पर लगी है। उम्मीदवार बाल बाल बच गए हैं। हालांकि, पुलिस घटना को संदेहास्पद बता रही है।

10:16 AM- पटना के पालीगंज के जलपुरा में बूथ नंबर दो पर ईवीएम का बटन खराब था। इसके बाद मशीन बदल दी गई। बूथ नंबर 166 परियों पर जीपीएस कंट्रोल खराब मिला। बायोमेट्रिक पहचान में महिलाओं के साथ परेशानी अधिक हो रही है। उनका सत्‍यापन हाथ की धुलाई कराने के बाद हो रहा है। हाथ गंदा रहने या तेल लगा रहेन के कारण मशीन से सत्‍यापन में परेशानी हो रही है।

10:07 AM- अभी भी कई जगह मतदान बाधित है। सीतामढ़ी के नानपुर की मोहानी पंचायत के बूथ नंबर 104 और 107 पर बायोमीट्रिक काम नहीं कर रहा है। लिहाजा, बिना बायोमीट्रिक ही वोटिंग हो रही है। सीतामढ़ी के नानपुर के कोई गांवों के बूथ संख्या 49 पर ईवीएम की खराबी के कारण मतदान ठप पड़ा है।

10:00 AM- नवादा में मुखिया प्रत्याशी समेत दो हिरासत में

नवादा के कौआकोल के जोरावरडीह में हंगामा के आरोप में मुखिया प्रत्याशी समेत दो लोग हिरासत में लिए गए। सेखोदेवरा पंचायत की मुखिया प्रत्याशी सविता देवी को हिरासत में लिया गया है। बूथ 129 पर हंगामा के दौरान दोनों को पुलिस ने पकड़ा था।

09:50 AM- गया में मतदान करने जा रहे प्रत्याशी व मतदाताओं पर हमला। प्रत्‍याशी सहित एक दर्जन लोग जख्‍मी। गंभीर रुप से घायल दो लोग गया रेफर। गया जिले के टिकारी थाना अंतर्गतखैरा मध्य विद्यालय बूथ संख्या 211 एवं 212 पर मतदान करने जा रहे निवर्तमान मुखिया व मुखिया पद के प्रत्याशी विमलेश राय उर्फ दरोगा राय एवं उनके परिवार सहित मतदाताओं पर हमला किया गया। प्रत्याशी सहित परिवार के कई  लोग जख्मी हो गए। जख्मी व मुखिया पद के उम्मीदवार विमलेश राय ने बताया कि छठवां पंचायत से ही मुखिया पद के प्रत्याशी खैरा निवासी  एवं उनके परिवार व समर्थकों ने वोटिंग करने से रोकने के लिए हमला कर दिया।

09:45 AM- नवादा में निवर्तमान जिला परिषद सदस्य व प्रत्याशी अजीत यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार। चुनाव के दौरान रजौली थाना में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद वे कौआकोल में थे। लिहाजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

09:33 AM- रोहतास के नौहट्टा प्रखंड के दारानगर बूथ पर जीवितपुत्रिका व्रत को ले सुबह में केवल महिला मतदाताओं से वोट डलवाए जा रहे हैं। आज महिलाएं निर्जला व्रत कर रहीं हैं। इस पहल की ग्रामीणों ने भी प्रशंसा की है।

09:26 AM- पीठासीन पदाधिकारी को लिया गया हिरासत में

भोजपुर जिले के पीरो के कटरिया पंचायत के छछूडिह गांव स्थित बूथ संख्या 158 के पीठासीन पदाधिकारी राजेश प्रसाद को पुलिस ने हिरासत में लिया। वे एक बुजुर्ग महिला मतदाता को वोटिंग रूम में कुछ बता रहे थे।

09:16 AM- नवादा के कौआकोल के उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोरावरडीह बूथ पर हंगामा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। वहां प्रत्यशियों के दो गुट आपस में भिड़ गए थे। अब स्थिति सामान्य हो गई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो को हिरासत में लिया है।

09:15 AM- मधेुपरा के मानिकपुर बूथ संख्या 122 पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदान में देरी हो रही है। इस कारण मतदाता हंगामा कर रहे हैं। इस दौरान एक महिला बेहोश भी हो गई। बाद में होश आने पर वह बगैर वोट डाले घर चली गई। बताया जाता है कि महिला जिउतिया पर्व को लेकर उपवास पर थी। लाइन में देर तक खड़ी रहने के कारण परेशानी हुई।

09:01 AM- मुंगेर के टेटिया बंबर स्थित बनहरा पंचायत के मध्य विद्यालय बनहरा के मतदान केंद्र संख्या 57 पर 776 वोटर हैं।  यहां अभी तक 25 महिला एवं 13 पुरुष वोटों ने मतदान किया है।

08:54 AM- पूर्वी चंपारण के फेनहारा प्रखंड के बूथ संख्या 75 पर ईवीएम में आई तकनीकी गड़बड़ी से मतदान बाधित। मधुबन प्रखंड के बूथ संख्या 100 पर भी ईवीएम खराब है।

08:45 AM- मधेपुरा सदर प्रखंड के मधुबन बूथ पर जिला परिषद प्रत्याशी संजय कुमार के चुनाव चिह्न मछली छाप के बदले ईवीएम में चम्मच छाप हो गया है। इससे प्रत्याशी व समर्थकों में आक्रोश है। हंगामा की आशंका बन गई है। मधेपुरा सदर प्रखंड के हीं शकरपुरा बतौना में पांच प्रत्याशियों ने वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन किया था, लेकिन तीन के हीं चुनाव चिह्न आए हैं। स्थिति को देखते हुए अंचलाधिकारी योगेंद्र दास ने वार्ड सदस्य का चुनाव रद करने की बात कही है।

08:38 AM- पूर्वी चंपारण के मधुबन प्रखंड के बूथ संख्या 150 पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण अभी तक मतदान बाधित पड़ा है। मतदाता कतार में खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं।

08:32 AM- नालंदा जिले के गिरियक के घोसरावा पंचायत में मतदान की सुबह वोटरों को लुभाने के लिए  कथित गुप्त बैठक का वीडियो इंटनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें गांव की अनुसूचित जनजाति बस्ती में भोज के लिए रकम आफर की जा रही है। हम इस वीडियो की सत्‍यता की पुष्टि नहीं करते। हम केवल ऐसा एक वीडियो के वायरल होने की जानकारी दे रहे हैं। औरंगाबाद मेंं भी एक मुखिया प्रत्‍याशी पर अपने पक्ष में मतदान करने को ले मतदाता को पैसे देने का आरोप लगा है।

08:24 AM- मुंगेर के टेटिया बंबर में जगह-जगह ईवीएम खराब थे। वहां एक घंटे बाद वोटिंग शुरू हुई। प्राथमिक विद्यालय गोकुलचक मतदान केंद्र संख्या 40 और 41 पर ईवीएम खराब होने की वजह से लगभग एक घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। यहां की सात पंचायतों में 210 पदों के लिए वोट पड़ रहे हैं। अभी तक केवल 1.6 फीसद वोट पड़े हैं।

08:15 AM- सुपौल के प्रतापगंज प्रखंड अंतर्गत  मतदान केंद्र 42 एवं 43 पर 7.25 बजे से मतदान का कार्य प्रारंभ कराया जा सका। वहां भी ईवीएम खराब थे।

08:07 AM- भोजपुर के पीरो के उत्क्रमित मध्य विद्यालय देवचंदा बूथ संख्‍या 109 पर पंचायत सदस्य पद के मतदान के ईवीएम में तकनीकी गडबड़ी आ गई है। इस कारण अभी तक मतदान शुरू नहीं हो सका है। बूथ पर आब्जार्वर राजेश कुमार पहुंच गए हैं। उधर, पटना के पालीगंज प्रखंड में 10 बूथों पर गड़बड़ी के कारण ईवीएम बदला गया है। बूथ 195, 209, 213, 22,12, 44, 61, 92 पर भी ईवीएम बदले गए हैं।

08:00 AM- पूर्वी चंपारण जिले में दूसरे चरण के मतदान के तहत राजेपुर, तेतरिया व मधुबन सहित तीन प्रखंडों के 28 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान कार्य हुआ शुरू। शरुआती दौर में मधुबन के 146,140,144,147 और 116 सहित तेतरिया प्रखंड के बूथ संख्या109 पर ईवीएम में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण अभी तक नही शुरू हुआ मतदान। टेक्नीशियन ईवीएम को ठीक करने में जुटे।

07:58 AM- नवादा के बूथ संख्‍या 136 पर ईवीएम खराब रहने के कारण मतदान में बाधा। आरा के पीरो के तिलाठ  बूथ नंबर 112 पर भी ईवीएम में खराबी के कारण आधा घंटा बाधित रहा मतदान। बाद में दूसरा ईवीएम मंगाना पड़ा। कटिहार के डंडखोरा प्रखंड के पैक्स गोदाम बूथ संख्या 43 पर भी ईवीएम में खराबी।

07:43 AM- भोजपुर में दो मुखिया प्रत्याशी आपस में भिड़े, हंगामा।

पंचायत चुनाव  के मतदान के दौरान  भोजपुर के राजकीय मध्य विद्यालय, तिलाठ के बूथ संख्या 112, 114 पर दो मुखिया प्रत्याशी वापस में भिड़ गए। हंगामा के कारण मतदान में बाधा आई। पुलिस के सामने हीं जमकर हंगामा हुआ।

07:35 AM- कटिहार के कुर्सेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर मतदान केंद्र संख्या छह पर ईवीएम में खराबी से मतदान बाधित है। बक्सर के राज्पुर प्रखंड के मगरांव, मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड के मध्य विद्यालय बूथ नंबर 67 तथा सहरसा के कहरा प्रखंड के विशनपुर में सुबह से हीं महिला मतदाताओं की कतारें लगी हुईं हैं।

07:25 AM- अररिया के भरगामा की 20 पंचायतों के 283 बूथों पर मतदान शुरू। बूथ नंबर 144 पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रभावित हो गया है।

07:20 AM- मधेपुरा की 17 पंचायतों के 242 बूथों पर मतदान हो रहा है। मतदान केंद्रों पर ईवीएम में कोई गड़बड़ी आने पर तत्काल इसको बदलने की व्यवस्था कर दी गई है। इसको लेकर पंचायत स्तर पर कलस्टर का निर्माण किया गया है। प्रत्येक कलस्टर में 30 से 35 ईवीएम सुरक्षित रखे गए हैं।

07:15 AM- बांका के 221 बूथों पर सवा लाख मतदाता मतदान करेंगे। मतदान आरंभ हो गया है। यहां कुल 1610 प्रत्‍याशी हैं। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

07:05 AM- सुबह सात बजते हीं मतदान की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें लगनी भी शुरू हैं। हालांकि, कई जगह अभी मतदान आरंभ नहीं हो सका है। लोगों का आना जारी है।

06:40 AM- चुनाव आयोग की ओर से प्रत्येक मतदान केंद्र पर छह-छह मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क खोले गए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान शाम पांच बजे समाप्‍त हो जाएगा, लेकिन उस समय तक कतार में खड़े मतदाताओं को मतदान का मौका दिया जाएगा।

06:20 AM- चुनाव के दौरान किसी भी तरह कानून-व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कुल 21,131 पदों में 3,402 पदों के लिए निर्विरोध चुनाव हो गया है। वहीं, 319 पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए गए है और ये पद रिक्त रह गए हैं।

06:00 AM- बिहार के 34 जिलों में 48 प्रखंडों की 692 पंचायतों के 9886 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट पड़ेंगे। इसमें गांव की सरकार के लिए 21,131 पदों के लिए प्रतिनिधि चुने जाने हैं। इन 21,131 पदों के विरुद्ध 71,467 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 34,177 पुरुष एवं 37,290 महिला प्रत्याशी हैं। कुल 71,467 उम्मीदवारों में सर्वाधिक 40,903 प्रत्याशी पंचायत सदस्य पद के लिए हैं।

दूसरे चरण में यहां हुआ मतदान

जिला (प्रखंड)

  • पटना  (पालीगंज)
  • बक्सर (राजपुर)
  • नालंदा (थरथरी, गिरियक)
  • भोजपुर (पीरो)
  • जहानाबाद (घोसी)
  • अरवल (अरवल)
  • सारण (मांझी)
  • सीवान (सीवान सदर)
  • गोपालगंज (विजयीपुर)
  • वैशाली  (हाजीपुर)
  • रोहतास (रोहतास, नौहट्टा)
  • कैमूर (दुर्गावती)
  • गया (टेकारी, गुरारू)
  • नवादा (कौआकोल)
  • औरंगाबाद (नबीनगर)
  • मुजफ्फरपुर (मड़वन, सरैया)
  • पूर्वी चंपारण (मधुबन, फेनहारा, तेतरिया)
  • पश्चिमी चंपारण (चनपटिया)
  • सीतामढी (चोरौत, नानपुर)
  • दरभंगा (बेनीपुर, अलीनगर)
  • मधुबनी (पंडौल, रहिका)
  • समस्तीपुर (ताजपुर, पूसा, समस्तीपुर)
  • सुपौल (प्रतापगंज)
  • सहरसा (कहरा)
  • मधेपुरा (मधेपुरा)
  • पूर्णियां (बनमनखी)
  • कटिहार (कुरसेला, कटिहार, हसनगंज, डंडखोरा)
  • अररिया (भरगामा)
  • बेगूसराय (भगवानपुर)
  • खगड़िया (जिला प्रा.नि.क्षे. -17 व 18)
  • मुंगेर (टेटियाबम्बर)
  • जमुई (ई. अलीगंज)
  • भागलपुर (जगदीशपुर)
  • बांका (बांका)

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.