बिहार के सोनू की कायल हुईं एक्ट्रेस गौहर खान, नीतीश से बातचीत के वीडियो पर कहा-कोई बताए इस बच्चे का पता
बिहार के नालंदा में बीते दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने पढ़ाई की गुहार लगाई थी। इसका वीडियो काफी वायरल हुआ था। अब एक्ट्रेस गौहर खान ने सोनू की पढ़ाई का खर्च उठाने में मदद करने की पहल की है।
पटना, आनलाइन डेस्क। बिहार के नालंदा का सानू (12 साल) आजकल सुर्खियों में है। सोनू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नालंदा दौरे के दौरान भीड़ के सामने पढ़ाई में सरकारी सहायता दिलाने की गुहार लगाई थी। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसके साथ ही सोनू की काफी सराहना भी हो रही है। इस मामले में अब वायरल ब्वाय सोनू की मदद के लिए एक्ट्रेस गौहर खान (Gauhar Khan) ने मदद का हाथ बढ़ाया है। गौहर खान ने ट्वीट के जरिए सोनू की तारीफ की है और पढ़ाई को लेकर आर्थिक मदद करने की बात कही है। इसके साथ ही सोनू के बारे में जानकारी भी मांगी है।
गौहर खान ने की मदद की पेशकश
अदाकारा गौहर खान ने ट्वीट कर सोनू की तारीफ की है। उन्होंने लिखा है कि कमाल का लड़का है। सोनू के पास अपना एक विजन है और ये बहुत ही होनहार लड़का है। एक्ट्रेस ने पढ़ाई में आर्थिक मदद करने के लिए वायरल ब्वाय सोनू के बारे में जानकारी मांगी हैं और इसे देश का भविष्य बताकर लोगों से भी सोनू की मदद करने की अपील की है।
सीएम नीतीश से लगाई थी गुहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 मई को नालंदा के दौरे पर थे। वे लोगों से मिलकर उनकी परेशानी सुनकर अधिकारियों को निराकरण का निर्देश भी दे रहे थे। इसी दौरान भीड़ से निकलकर हरनौत प्रखंड के नीमा कोल निवासी रणविजय यादव का 12 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार मुख्यमंत्री के सामने पहुंच गया। छठी कक्षा में पढ़ने वाले सोनू ने मुख्यमंत्री से आगे की पढ़ाई में मदद करने की बात कही। इस दौरान सोनू ने सरकारी स्कूल में पढ़ाई की स्थिति और पिता के शराब पीने की शिकायत भी कर डाली। उसकी बात सुन सीएम मुस्कुराए और उसकी तारीफ भी की थी। इस पूरी घटना को किसी ने वीडियो बना लिया और इंटरनेट मीडिया पर सोनू वायरल हो गया। सोनू की मदद के लिए कई लोग उससे जुड़ने को तैयार हैं।