Bihar News: 375 तरह के कामों से बदलेंगे बिहार के गांव, विकसित ग्राम पंचायतों का तैयार हुआ पूरा खाका
बिहार में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायतों के विकास के लिए 375 तरह के कार्य किए ...और पढ़ें

पंचायतों में 375 तरह के विकास कार्य होंगे
HighLights
ग्राम पंचायतों में 375 तरह के विकास कार्य होंगे।
पटना में अधिकारियों को विकास योजनाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
स्थायी ग्रामीण बुनियादी ढांचे के निर्माण पर विशेष जोर।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में ग्राम पंचायतों के विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी) के निर्माण पर पटना के बापू सभागार में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को पंचायतों में विकास योजनाओं की तैयारी और क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।
पंचायतों में 375 तरह के विकास कार्य होंगे
वीबी-जी राम जी योजना के तहत पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों को चार श्रेणियों में बांटा गया है। इन श्रेणियों के तहत कुल 375 प्रकार के कार्य कराए जाने हैं।
अधिकारियों के मुताबिक ग्रामीण स्तर पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए इन कार्यों की जरूरत के अनुसार योजना बनाई जाएगी।
पहले होगा अधूरे कामों का सर्वे, फिर बनेगी नई योजना
योजना के आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अंजनी कुमार ने कहा कि पंचायतों में पहले पूर्ण और अधूरे कार्यों का सर्वे कराया जाएगा।
इसके बाद विकास योजनाओं का गैप असेसमेंट होगा। जो काम बाकी हैं, उनके लिए नए सिरे से योजना तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
गांव की जरूरत और लोगों की राय से तय होंगी योजनाएं
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंचायतों की स्थानीय जरूरत और आकांक्षाओं के अनुसार विकास योजनाएं तैयार की जाएं।
इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर मुखिया और अन्य जागरूक लोगों से सुझाव लेने पर जोर दिया गया। योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन की प्रक्रिया को ऑनलाइन पोर्टल से भी जोड़ा जाएगा।
प्रखंड से पंचायत तक अधिकारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों को आगे प्रखंड, जिला और अनुमंडल स्तर पर प्रशिक्षण देना होगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को क्रमबद्ध और बेहतर तरीके से लागू करना है। ऑनलाइन पोर्टल पर योजनाओं का विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
मनरेगा से आगे बढ़कर स्थायी ढांचे पर फोकस
वीबी-जी राम जी योजना के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी अनीश रंजन राव ने कहा कि मनरेगा का मुख्य उद्देश्य अकुशल श्रम के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराना था, जबकि बुनियादी ढांचे का निर्माण उसका दूसरा लक्ष्य था।
नई योजना में रोजगार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी बुनियादी ढांचे का निर्माण भी प्राथमिकता में है। इससे बिहार की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को दीर्घकालिक जरूरतों से जोड़ने की तैयारी है।
