विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के नए वकीलों को सौगात: हर महीने मिलेगा ₹5000 का स्टाइपेंड, आवेदन प्रक्रिया शुरू

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:31 PM (IST)

बिहार के नए वकीलों को इसी माह से 5000 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलना शुरू हो जाएगा, जिसकी जानकारी महाधिवक्ता एसडी संजय ने दी है।

बिहार के नए वकीलों को सौगात, हर महीने मिलेगा ₹5000 का स्टाइपेंड (AI Generated Image)

बिहार के नए वकीलों को सौगात, हर महीने मिलेगा ₹5000 का स्टाइपेंड (AI Generated Image)

HighLights

  1. नए वकीलों को इसी माह से मिलेगा 5000 रुपये मासिक स्टाइपेंड।

  2. 1 जनवरी 2024 के बाद पंजीकृत वकीलों को मिलेगा यह लाभ।

  3. जूनियर वकीलों को शुरुआती दौर में आर्थिक सहायता देना मुख्य उद्देश्य।

विधि संवाददाता, पटना। बिहार के नए वकीलों को इसी माह से पांच हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलने लगेगा। महाधिवक्ता एसडी संजय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2024 के बाद बिहार स्टेट बार काउंसिल में पंजीकृत सभी नए वकीलों को योजना की निर्धारित शर्तें पूरी करने पर इसका लाभ मिलेगा। यह स्टाइपेंड तीन वर्षों तक दिया जाएगा।

महाधिवक्ता ने कहा कि यह नई योजना है, इसलिए शुरुआत में छोटी-मोटी दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन सरकार नए वकीलों को इसका लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। जूनियर वकीलों को शुरुआती दौर में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना लागू की गई है।

स्टाइपेंड के लिए वकीलों को 100 रुपये का फार्म लेकर आवेदन करना होगा। इसके साथ मैट्रिक प्रमाणपत्र, बार काउंसिल पंजीकरण प्रमाणपत्र, अनुभव व सक्रिय प्रैक्टिस प्रमाणपत्र, माता-पिता का आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, पैन कार्ड और एआईबीई प्रमाणपत्र देना होगा।

आपराधिक मामले में संलिप्तता नहीं होने तथा वकालत के अलावा कोई दूसरा व्यवसाय नहीं करने का शपथपत्र और रद्द चेक भी देना होगा। आवेदन पर संबंधित अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष और महासचिव के हस्ताक्षर जरूरी होंगे।

सरकार अधिवक्ता संघों को ई-लाइब्रेरी के लिए पांच लाख रुपये की सहायता और महिला वकीलों के लिए शौचालय व चेंबर की सुविधा भी देगी। सरकार बिहार अधिवक्ता कल्याण न्यास समिति को 30 करोड़ रुपये दे चुकी है।