एलिवेटेड रोड और ROB समेत दरभंगा की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा, भूमि अधिग्रहण की अड़चन दूर करने के निर्देश
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने दरभंगा की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की और मुख्यालय स्तर से उनकी निगरानी का ...और पढ़ें

समीक्षा बैठक करते मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी व विभागीय सचिव।
राज्य ब्यूरो, पटना। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने रविवार को कहा कि मुख्यालय स्तर से सड़क परियोजनाओं की मानीटरिंग की जाए।
दरभंगा की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की अपने कक्ष में समीक्षा के दौरान उन्होंने यह बात कही। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल व एनएचएआई के अधिकारी मौजूद थे।
समीक्षा के क्रम में सड़क एवं पुल निर्माण योजनाओं के भौतिक प्रगति, भूमि अधिग्रहण, सुगम यातायात, अलाइनमेंट, परियोजनाओं के लागू करने में आ रहे अवरोधों को दूर करने सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
दरभंगा में चल रही परियोजनाओं की ली जानकारी
इस दौरान दरभंगा एलिवेटेड रोड एवं लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड, दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के लिए अप्रोच रोड, दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक एवं पंडासराय रेलवे ओवरब्रिज, शिवधारा-हरपुर पथ का चौड़ीकरण, व हराही-दिग्घी-गंगासागर पोखर एकीकरण परियोजना का अपडेट लिया गया।
इस क्रम में परियोजनाओं के बाधाओं को दूर करने, भूमि अधिग्रहण के निराकरण भी विस्तृत चर्चा की गई। पथ निर्माण विभाग के सचिव ने बताया कि सभी परियोजनाओं की सतत मानीटरिंग की जा रही है ताकि ससमय परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके।
समयसीमा से पीछे चल रही परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करने के लिए लगातार कार्यों की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त एजेंसी को डिबार करने की कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के भी कार्रवाई की जाएगी।
पथ निर्माण मंत्री ने निर्देश दिया कि रेलवे, वन विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पेड़ कटाई से जुड़ी बाधाओं को शीघ्र दूर किया जाए।
अतिरिक्त संसाधन लगाकर कार्य में तेजी लाएं ताकि संशोधित लक्ष्य तिथि तक काम पूरा हो सके। निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
