शाम के बाद नाव चलाना गैर-कानूनी, दोषियों के खिलाफ हो सख्त एक्शन; वैशाली हादसे पर मंत्री रामकृपाल की मांग
वैशाली में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
HighLights
वैशाली नाव हादसे में 13 बच्चों की दुखद मौत।
मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रशासन पर उठाए सवाल।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग।
डिजिटल डेस्क, पटना। वैशाली में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत पर बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रशासन पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि शाम होने के बाद प्रशासन की ओर से नाव चलाने की अनुमति नहीं है। इसके बाद भी इस तरह का कृत्य किया गया है, जो कि गैर-कानूनी है।
रामकृपाल ने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। भविष्य में ऐसी कोई घटना न घटे, इसके लिए शासन को सख्ती के साथ जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि वैशाली के राघोपुर इलाके में एक दर्दनाक और दुखद घटना हुई है। गांव के कुछ बच्चे जो भोज में जा रहे थे, अचानक गंगा नदी के बीच ही उनकी नाव डूब गई। बताया जा रहा है कि नाव में पहले से छेद था।
रामकृपाल ने कहा, "मैं इस दुखद दुर्घटना की जांच की मांग करता हूं और जो भी संबंधित लोग हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सभी पीड़ितों को मुआवजा दिया जाए और उनकी हर संभव मदद की जाए। यही मेरा सरकार से आग्रह होगा"
