बिहार के मदरसों में अब होगी एआई और रोबोटिक्स की पढ़ाई, छात्रों को मिलेगा मुफ्त कौशल प्रशिक्षण
बिहार के मदरसों में अब छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन तकनीक और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में मुफ्त कौशल विकास प्रशिक्षण मिलेगा।

बिहार के मदरसों में अब होगी एआई और रोबोटिक्स की पढ़ाई ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )
HighLights
मदरसों में एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स का मुफ्त प्रशिक्षण।
एनएसआईसी के सहयोग से कौशल विकास कार्यक्रम लागू।
प्रशिक्षित छात्रों को रोजगार मेले से जोड़ा जाएगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के मदरसों में भी विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), ड्रोन तकनीक, कोडिंग, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रिक वाहन जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कौशल विकास का प्रशिक्षण मिलेगा।
राज्य सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण की व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके लिए अनुदान प्राप्त मदरसों और गैर-अनुदानित मदरसों में कौशल विकास प्रशिक्षण को अनिवार्य किया जाएगा।
अनुदान प्राप्त मदरसों की संख्या 1942
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मुताबिक कौशल विकास कार्यक्रम सभी 3588 मदरसों में लागू किया जा रहा है। इनमें अनुदान प्राप्त मदरसों की संख्या 1942 है, जबकि गैर-अनुदानित श्रेणी में 1646 मदरसे हैं।
विभागीय मंत्री मो. जमा खान ने सभी मदरसों में कौशल विकास प्रशिक्षण देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केंद्र सरकार के उपक्रम नेशनल स्माल इंडस्ट्रीज कारपोरेशन लिमिटेड (एनएसआइसी) के सहयोग से संचालित किया जाएगा। इसके लिए विभाग और एनएसआइसी के बीच अगले सप्ताह एमओयू होगा।
रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य
विभाग ने मदरसों में छात्र-छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए जिलों में रोजगार मेला लगाए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मुहैया हो सके।
प्रारंभिक चरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन तकनीक, कोडिंग, रोबोटिक्स एवं इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर शिक्षा, इलेक्ट्रिकल वायरिंग और अन्य तकनीकी ट्रेड में प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी।
