बिहार की 8 विधान परिषद सीटों का चुनाव कार्यक्रम जारी, 23 अक्टूबर को वोटिंग; देखें पूरा शेड्यूल
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार की आठ विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। मतदान 23 ...और पढ़ें

भारत निर्वाचन आयोग ने विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम किया घोषित।
HighLights
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित।
नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू, 6 अक्टूबर अंतिम तिथि।
मतदान 23 अक्टूबर को, मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar MLC Election 2026: बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। इसी के साथ नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन आठ सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्याशी छह अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर को होगी। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित की गई है।
23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान
विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। वोटिंग सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगी।
इसके बाद 27 अक्टूबर को मतों की गिनती की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल शुरू होगा।
इन आठ निर्वाचन क्षेत्रों में होना है चुनाव
विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीटों पर चुनाव होगा।
आयोग के अनुसार, इन सीटों के वर्तमान विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इससे पहले नई चुनाव प्रक्रिया पूरी कराकर नए सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है।
किन विधान पार्षदों का कार्यकाल हो रहा समाप्त
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से वंशीधर व्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव वर्तमान विधान पार्षद हैं। इन सभी का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होगा।
इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नवल किशोर यादव, दरभंगा से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत से संजय कुमार और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आफाक अहमद विधान पार्षद हैं। इनका कार्यकाल भी 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
- 29 सितंबर — चुनाव की अधिसूचना और नामांकन शुरू
- 6 अक्टूबर — नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि
- 7 अक्टूबर — नामांकन पत्रों की संवीक्षा
- 9 अक्टूबर — नाम वापसी की अंतिम तिथि
- 23 अक्टूबर — मतदान, सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
- 27 अक्टूबर — मतगणना
- 16 नवंबर — वर्तमान विधान पार्षदों का कार्यकाल समाप्त
