अपने फायदे की बात सुनते ही थमा विधायकों का शोर, बिहार विधानसभा में अध्यक्ष ने किया बड़ा एलान
Bihar Politics बिहार विधानसभा में विपक्षी विधायकों ने सोमवार को खूब हंगामा किया। लेकिन इस दौरान एक ऐसा भी क्षण आया जब अपने फायदे की बात सुनते ही सभी विधायक शांत होकर अपनी जगह पर जा बैठे। विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान बड़ी घोषणा की।
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar News: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायकों को बड़ी खुशखबरी मिली है। अब अपने जिले में जाने पर उन्हें विशेष तवज्जो मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने इसके लिए व्यवस्था कर दी है। विधायकों को अब उनके जिले के समाहरणालय (कलक्ट्रेट) परिसर में चैैंबर (कक्ष) आवंटित किया जाएगा। इस चैैंबर में वे अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को सदन में इसकी जानकारी दी।
अध्यक्ष बोले- जनता के हित में विधायकों की सतत भागीदारी जरूरी
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की जनता के कार्यों के लिए हमारी सतत भागीदारी है। हम सभी अपने-अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से सरोकार रखते हैैं। ऐसे में यह व्यवस्था आवश्यक है। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में यह बात हुई कि विधायकों को उनके जिले में स्थित समाहरणालय परिसर में एक कक्ष आवंटित किया जाना चाहिए। वहां से वे अपने क्षेत्र के लोगों की समस्या सुलझाने का काम करेंगे।
- विधायकों को उनके समाहरणालय परिसर में कक्ष आवंटित किया जाएगा
- बिहार विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में हुआ निर्णय
- विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सदन में इस आशय की सूचना पढ़ी
फायदे की बात सुनते ही कुर्सी पर जाकर बैठ गए सभी विधायकों
विधानसभा में सोमवार को खूब हंगामा और विरोध हुआ। इसी दौरान अध्यक्ष ने सदन में शोर कर रहे विपक्ष को कहा कि आपके लाभ की बात है। अपनी-अपनी सीट पर जाकर बैठ जाएं तब इस पर बात होगी। इस पर सभी अपनी सीट पर आ गए। उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने इसकी जानकारी दी। कहा कि जो कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में हुए इस निर्णय से सहमत हैैं, वे अपनी सीट पर खड़े हो जाएं। सभी विधायक इस निर्णय के समर्थन में खड़े हो गए।