महिला एशिया कप जीत पर गदगद बिहार के नेता, सम्राट चौधरी-नीतीश ने दी बधाई; रोहिणी आचार्य ने कही खास बात
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के टी-20 एशिया कप जीतने पर बिहार के राजनीतिक गलियारों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

रोहिणी आचार्य ने एक्स पर शेयर की है ये तस्वीर।
HighLights
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 एशिया कप जीता।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने बेटियों की जीत पर खुशी जताई।
नीतीश कुमार और रोहिणी आचार्य ने भी टीम को बधाई दी।
डिजिटल डेस्क, पटना। महिला क्रिकेट टी-20 एशिया कप में भारतीय टीम के चैंपियन बनने पर बिहार के राजनीतिक गलियारे से भी बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य समेत कई नेताओं ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम सम्राट ने कहा- बेटियों ने फिर किया भारत का नाम बुलंद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'बेटियों ने फिर किया भारत का नाम बुलंद।'
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की मेहनत, जुनून और अदम्य हौसले की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता ने करोड़ों भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि यह ट्रॉफी देश की हर बेटी के सपनों और सामर्थ्य की शानदार जीत है। उन्होंने टीम की इस उपलब्धि को महिला शक्ति और नए भारत की बेटियों के आत्मविश्वास से जोड़ते हुए खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
नीतीश कुमार ने प्रतिभा और अनुशासन को बताया जीत की वजह
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का शानदार परिचय है।
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में सभी खिलाड़ियों को देश का गौरव बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम आगे भी इसी तरह देश का मान बढ़ाती रहेगी।
महिलाओं के बढ़ते कद का संकेत
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम को बधाई देते हुए इस जीत को देश की महिलाओं के बढ़ते कद और उनकी अपार क्षमताओं की जीत बताया।
उन्होंने पूरी टीम के साथ कोचिंग और सपोर्टिंग स्टाफ को भी ऐतिहासिक सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'महिला क्रिकेट T20 एशिया कप टूर्नामेंट में विजेता बनने पर हमारे देश की क्रिकेट टीम और समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई।'
उन्होंने कहा कि यह जीत देश की बेटियों के दमखम और बढ़ती क्षमता का संदेश है। रोहिणी ने उम्मीद जताई कि देश की बेटियां भविष्य में भी ऐसी उपलब्धियां हासिल कर देश का नाम रोशन करती रहेंगी।
