बिहार के युवाओं के लिए शानदार मौका, 5 जिलों में लगेगा प्लेसमेंट कैंप; ITI से लेकर ग्रेजुएट तक को मिलेगी जॉब
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग 31 अगस्त तक गया, नवादा, कटिहार, पटना और खगड़िया सहित पांच जिलों में नियोजन एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित करेगा।

बिहार के 5 जिलों में लगेगा प्लेसमेंट कैंप (AI Generated Image)
HighLights
31 अगस्त तक पांच जिलों में नियोजन एवं मार्गदर्शन मेले।
तकनीकी और गैर-तकनीकी युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर।
अभ्यर्थियों और नियोजकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, पटना। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से 31 अगस्त तक छह जिलों में नियोजन एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया जाएगा। गया, नवादा, कटिहार, पटना और खगड़िया में मेले का आयोजन की तैयारी की गई है।
इन मेलों में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्र में योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी शामिल होकर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे।
विभाग के के अनुसार, 25 अगस्त को गयाजी के पॉलिटेक्निक संस्थान के खेल मैदान और 27 अगस्त को नवादा के संयुक्त श्रम भवन, सरकारी आईटीआई, गोविंदपुर में रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।
29 अगस्त को कटिहार के संयुक्त श्रम भवन, लेबर सेंटर परिसर तथा 31 अगस्त को पटना और खगड़िया में मेले का आयोजन होगा।
पटना में राजकीय आईटीआई, दीघा और खगड़िया में कोशी कॉलेज में मेला का आयोजन होगा। मेले में तकनीकी के साथ-साथ गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी भाग ले सकेंगे।
इससे आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता वाले युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर पाने का मंच मिलेगा।
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए detjob.bihar.gov.in पर निबंधन कराना आवश्यक होगा। आयोजन स्थल पर भी निबंधन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
वहीं, नियोजन मेले में भाग लेने वाले नियोजकों के लिए भी उक्त पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य किया गया है। मेला प्रत्येक निर्धारित तिथि को सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
