बिहार में इंटर स्पाट नामांकन का आखिरी मौका, 15 से 18 सितंबर तक मिलेगा अवसर; ऐसे ले सकेंगे दाखिला
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर (कक्षा 11वीं) में नामांकन से वंचित छात्रों को 15 से 18 सितंबर तक स्पाट ...और पढ़ें

रिक्त सीट देखकर संबंधित स्कूल-कालेज में करना होगा संपर्क
HighLights
इंटर 11वीं में नामांकन का अंतिम अवसर 15-18 सितंबर।
ओएफएसएस पोर्टल पर रिक्त सीटों की जानकारी उपलब्ध होगी।
सीबीएसई, आईसीएसई छात्र भी स्पाट नामांकन ले सकेंगे।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर यानी कक्षा 11वीं में नामांकन से वंचित विद्यार्थियों को छात्र हित में एक और अंतिम मौका दिया है। सत्र 2026-28 के लिए विद्यार्थी 15 से 18 सितंबर तक स्पाट नामांकन करा सकेंगे। यह प्रक्रिया ओएफएसएस (Online Facilitation System for Students) के माध्यम से होगी।
परीक्षा समिति के अध्यक्ष डा. त्यागराजन एसएम ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए स्पाट नामांकन का यह अंतिम अवसर दिया गया है। ऐसे विद्यार्थी जो अब तक 11वीं में दाखिला नहीं ले सके हैं, वे निर्धारित अवधि में नामांकन करा सकते हैं।
रिक्त सीट देखकर संबंधित स्कूल-कालेज में करना होगा संपर्क
विद्यार्थी ओएफएसएस पोर्टल पर अपने जिले और शिक्षण संस्थान के अनुसार संकायवार रिक्त सीटों की जानकारी देख सकेंगे। जिस संस्थान में इच्छित संकाय और विषय में सीट खाली होगी, विद्यार्थी वहां के प्राचार्य से संपर्क कर नामांकन का अनुरोध करेंगे।
इसके बाद संबंधित शिक्षण संस्थान के प्राचार्य उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर विद्यार्थियों का नामांकन करेंगे। यानी दाखिले से पहले विद्यार्थियों के लिए जरूरी होगा कि वे पोर्टल पर अपने पसंदीदा संस्थान और संकाय में खाली सीट की स्थिति जरूर जांच लें।
CBSE और ICSE के विद्यार्थी भी ले सकेंगे दाखिला
इस स्पाट नामांकन प्रक्रिया में सिर्फ बिहार बोर्ड के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड से 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे। ऐसे विद्यार्थियों को भी संबंधित शिक्षण संस्थान में रिक्त सीट की जानकारी लेकर प्राचार्य से संपर्क करना होगा।
नामांकन के बाद शिक्षण संस्थानों को प्रत्येक दिन ओएफएसएस पोर्टल पर दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों का विवरण अपडेट करना होगा। समिति ने संस्थानों को निर्देश दिया है कि सभी नामांकित विद्यार्थियों का ऑनलाइन अपडेशन हर हाल में 19 सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाए।
18 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा स्पाट नामांकन का मौका
विद्यार्थियों के लिए स्पाट नामांकन की प्रक्रिया 15 से 18 सितंबर 2026 तक ही चलेगी। इसलिए जिन विद्यार्थियों ने अभी तक 11वीं में दाखिला नहीं लिया है, उन्हें इस अवधि में संबंधित संस्थान से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
संकायवार रिक्त सीटों की जानकारी विद्यार्थी ओएफएसएस पोर्टल पर देख सकते हैं। समिति की ओर से इसे नामांकन से वंचित विद्यार्थियों के लिए अंतिम अवसर बताया गया है।
