बिहार को मिली दो और चलंत फूड लैब, पहले से ज्यादा आधुनिक जांच उपकरण हैं लगे
बिहार को दो और फूड सेफ्टी ऑन व्हील लैब उपलब्ध करा दी गई है। खाद्य सामग्रियों की राह चलते जांच करने वाली यह चलंत लैब दिल्ली से रवाना हो चुकी है।
अहमद रजा हाशमी, पटना। जन स्वास्थ्य को लेकर संजीदा भारत सरकार के खाद्य सुरक्षा मंत्रालय द्वारा बिहार को दो और फूड सेफ्टी ऑन व्हील लैब उपलब्ध करा दी गई है। खाद्य सामग्रियों की राह चलते जांच करने वाली यह चलंत लैब दिल्ली से रवाना हो चुकी है। दो-तीन दिनों में यह लैब अगमकुआं स्थित प्रदेश की इकलौती खाद्य एवं औषधि जांच प्रयोगशाला पहुंच जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव सह खाद्य संरक्षा के नोडल पदाधिकारी डॉ. कौशल किशोर ने दी। इस लैब में पहले की अपेक्षा अत्यधिक आधुनिक जांच उपकरण लगे हैं।
उन्होंने बताया कि बिहार के सभी नौ प्रमंडलों के लिए भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा लैब की मांग की गई थी। इनमें से एक लैब पहले से पटना में है। आने वाली दो लैब में से एक को पटना और दूसरी को भागलपुर प्रमंडल भेजने की योजना है। पूर्णिया और तिरहुत प्रमंडल के लिए चलंत फूड लैब मिलने की संभावना है। अपर सचिव डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि रोस्टर के अनुसार क्षेत्र में घूमने वाली इस लैब में कोई भी व्यक्ति खाद्य सामग्री की जांच कर असली-नकली का फर्क जान सकता है। यह भी कहा कि मिलावट का कारोबार कर जन स्वास्थ से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत शिकंजा कसने की तैयारी बिहार सरकार ने कर ली है। योजनाबद्ध ढंग से इस दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
चलंत लैब से नकली-असली का फर्क
फूड सेफ्टी ऑन व्हील में दूध, घी, खोवा, मैदा, आंटा तथा इससे बनने वाली खाद्य सामग्रियों में मिलावट की जांच की जा रही है। सभी तरह के दाल में रंग व पॉलिश की गड़बडिय़ां आसानी से पकड़ी जा रही हैं। खाद्य सामग्रियों एवं सब्जियों में इस्तेमाल होने वाले हानीकारक रसायन व रंगों पर से जांच रिपोर्ट में पर्दा हट रहा है। तेल, पानी, जूस, कोल्ड ड्रिंक आदि में मिले नुकसानदायक तत्वों को भी इस चलंत लैब में अलग किया जाना संभव है।
फूड सेफ्टी ऑन व्हील लैब में लगे हैं ये उपकरण
खाद्य विश्लेषक महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि चलंत लैब में मिल्क एनालाइजर, हॉट एयर ओवेन, टीडीएस मीटर, पीएच मीटर, रेफ्लेक्टो मीटर, पेस्टीसाइज जांच मशीन, रेफ्रीजेटर आदि लगी है। लगे कंप्यूटर पर जांच रिपोर्ट का विश्लेषण भी किया जाता है। चलंत लैब में एक खाद्य विश्लेषक, एक तकनीकी सहायक, एक प्रयोगशाला सहायक, एक अटेंडेंट व चालक तैनात हैं।