पटना में बनेगा 120 फीट ऊंचा बापू टावर, यहां दिखेंगी चंपारण सत्याग्रह की स्मृतियां
पटना में महात्मा गांधी के नाम पर 120 फीट ऊंचा बापू टावर बनाया जाएगा। इसमें गांधीजी से जुड़ीं स्मृतियां संजोई जाएंगी। इसमें क्या-क्या होगा खास, जानिए इस खबर में।
पटना [भुवनेश्वर वात्स्यायन]। चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह की स्मृति में पटना के गर्दनीबाग इलाके में बनने वाला 'बापू टावर' 120 फीट ऊंचा होगा। महात्मा गांधी को समर्पित यह संरचना पूरे देश में अपने किस्म की पहली होगी, जो टावर की शक्ल में बनेगी। इसका डिजायन फाइनल कर लिया गया है। यह राज्य का सबसे ऊंचा टावर होगा।
गर्दनीबाग स्थित स्टेडियम के समीप होगा निर्माण
बापू टावर का निर्माण पहले सदाकत आश्रम के समीप बिहार विद्यापीठ परिसर में कराया जाना था। पर, वहां जमीन नहीं मिल पाने की वजह से यह तय हुआ कि गर्दनीबाग में राज्य सरकार द्वारा विकसित किए जाने वाले नए संस्थागत एरिया में इसे स्थापित किया जाए। इसके बाद गर्दनीबाग स्टेडियम के पास बापू टावर के लिए सात एकड़ जमीन की व्यवस्था की गई। यह पटना-खगौल रोड से सटे है।
लॉबी में ऑडियो-वीडियो की व्यवस्था
टावर के नीचे वाले हिस्से में जो बड़ी लॉबी तैयार होगी, वहां लोगों के लिए बापू और चंपारण सत्याग्रह से संबंधित ऑडियो-वीडियो उपलब्ध होगा।
रैंप व लिफ्ट की होगी व्यवस्था
लॉबी के पीछे वाले हिस्से में लिफ्ट लगाई जाएगी। पर्यटक इस लिफ्ट से टावर के सबसे ऊपर वाले हिस्से तक जाएंगे। वहां से वे रैैंप के सहारे एक-एक फ्लोर होते हुए नीचे उतरेंगे।
दिखाई जाएंगी चंपारण सत्याग्रह से जुड़ीं स्मृतियां
सभी फ्लोर पर बापू के चंपारण सत्याग्रह से जुड़ी स्मृतियों के दर्शन होंगे। पूरे इतिहास की जानकारी मिलेगी। बापू टावर लगभग एक एकड़ हिस्से में बनेगा। शेष पांच एकड़ जमीन में पार्क विकसित किया जाए। यहां पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाएं विकसित होंगी।
बनेगा बिहार का सबसे ऊंचा टावर
दिल्ली के कुतुब मीनार की ऊंचाई 239.5 फीट है। शहीदों की याद में कोलकाता में निर्मित 'शहीद मीनार' की ऊंचाई भी 157 फीट है। पर, बापू टावर उनसे अलग होगा। यह राज्य का सबसे ऊंचा टावर होगा। जहां तक भवन की बात है, 233 फीट ऊंचा पटना का बिस्कोमान भवन नंबर वन पर है।
बिहार में देश की सबसे ऊंची गांधी प्रतिमा
जहां तक देश की बात है, महात्मा गांधी की सबसे ऊंची प्रतिमा भी बिहार में ही है। पटना के गांधी मैदान में स्थापित 70 फीट की महात्मा गांधी की प्रतिमा देश में सबसे ऊंची है। हां, देश की सबसे ऊंची 182 मीटर की सरदार पटेल की प्रतिमा गुजरात में बनाई गई है, जिसका अनावरण अक्टूबर में होने जा रहा है।
फिलहाल, बोधगया स्थित 80 फीट ऊंची महात्मा बुद्ध की प्रतिमा राज्य की सबसे ऊंची प्रतिमा है।