बिहार में बकरीपालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पटना में 'गोट फेडरेशन' का हुआ उद्घाटन
बिहार में बकरीपालन को संगठित और व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए पटना में बिहार राज्य बकरीपालक सहकारी परिसंघ लिमिटेड (गोट ...और पढ़ें

बकरीपालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पटना में बिहार गोट फेडरेशन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन।
बकरीपालकों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने का लक्ष्य।
गोट बैंक, पशु मार्ट, मीट कियोस्क संचालित करने की योजना।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में बकरीपालन को संगठित और व्यावसायिक स्वरूप देने की दिशा में पहल आगे बढ़ी है। बिहार राज्य बकरीपालक सहकारी परिसंघ लिमिटेड (गोट फेडरेशन) के कार्यालय का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया।
पशुपालन निदेशालय, पटना के प्रथम तल पर स्थापित इस कार्यालय के माध्यम से बकरीपालकों को संगठित करने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।
गोट बैंक, पशु मार्ट और मीट कियोस्क संचालित करने की योजना
गोट फेडरेशन के अध्यक्ष सह डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि बकरीपालन ग्रामीण परिवारों, विशेषकर छोटे एवं सीमांत किसानों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है।
सहकारिता आधारित व्यवस्था से बकरीपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। अब फेडरेशन के माध्यम से गोट बैंक, पशु मार्ट और मीट कियोस्क संचालित करने की योजना है। इसके साथ ही गोट रियरिंग फार्म स्थापित करने पर भी काम किया जाएगा। इससे बकरीपालकों को बेहतर प्रबंधन और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
फेडरेशन के प्रबंध निदेशक सुभाष नारायण ने संस्था को प्रभावी और जनोपयोगी बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि फेडरेशन की गतिविधियों का लाभ वास्तविक रूप से बकरीपालकों तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम में पशुपालन निदेशक श्रीकांत शास्त्री के अतिरिक्त विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
