बिहार: भोजपुर और बक्सर में डूबने से दो सगे भाइयों सहित चार की मौत, मचा कोहराम
बिहार में अलग-अलग स्थानों में चार की डूबने से मौत हो गई। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत महावीरगंज गांव के पास आहर में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं बक्सर में स्नान करने के दौरान दो सगे भाई डूबे।
आरा/ बक्सर, जागरण संवाददाता। बिहार में अलग-अलग स्थानों में चार की डूबने से मौत हो गई। भोजपुर जिले में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। वहीं वहीं बक्सर में स्नान करने के दौरान दो सगे भाई डूबे। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत महावीरगंज गांव के समीप स्थित आहर में बुधवार की दोपहर डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। बाद मेंं दोनों बच्चों के शव को बरामद किया गया। दोनों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। इसे लेकर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। हादसे को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। मृतकों में महावीरगंज निवासी मुन्ना यादव का 11 वर्षीय पुत्र लवकुश यादव तथा अनिल कुमार का नौ वर्षीय पुत्र अनिश कुमार शामिल है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग ढांढस बंधाने में.लगे थे।
घर से नहाने के लिए गए थे ,तभी हो गया हादसा
बताया जाता है महावीरगंज ,गड़हनी गांव निवासी लवकुश और अनिश कुमार बुधवार की दोपहर घर से नहाने के लिए गांव के आहर में गए हुए थे। अचानक गहरे पानी में जाने से दोनों डूब गए। बाद में हो-हल्ला होने पर गांव के ग्रामीण जुट गए।
ग्रामीणों के प्रयास से बरामद हुआ दोनों बच्चों का शव
इधर, ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों के शवों को आहर से बरामद किया गया। बाद में सूचना मिलने पर चरपोखरी पुलिस भी पहुंच गई। इधर, चरपोखरी थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि दोनों की मौत आहर में डूबने से हुई है।घर से नहाने गए हुए थे,तभी हादसा होना बताया जा रहा है।
बक्सर में दो सगे भाइ डूबे
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मलहचकिया के समीप ठोरा नदी में बुधवार की दोपहर स्नान करने के दौरान दो सगे भाई डूबने लगे। दोनों में से एक किसी तरह बाहर निकल आया। शोर मचाने पर जब तक लोग पहुंचकर डूबे किशोर को बाहर निकाल पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी।