Bihar Flood Update: बाढ़ में फंसी 10 लाख की आबादी, डूबकर 15 तो दबकर एक ने गंवाई जान
Bihar Flood Update बिहार में बाढ़ का प्रकोप जारी है। एनडीआरएफ की टीम के अलावा लोग स्वयं भी जैसे-तैसे सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे।
पटना, जेएनएन। बिहार में बाढ़ का प्रकोप जारी है। नदियों के जलस्तर में भी शनिवार को उतार-चढ़ाव होता रहा। सैकड़ों गांव बाढ़ के पानी से घिरे हैं। एनडीआरएफ की टीम के अलावा लोग स्वयं भी जैसे-तैसे सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे। गोपालगंज जिले में गंडक में बाढ़ से शनिवार को और तीन जगह, बैकुंठपुर के सोनवलिया, मडवा तथा मूंजा के समीप भी सारण तटबंध टूट गया। गंडक में बह कर मोतिहारी पहुंचे 26 हिरणों को वन विभाग ने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व छोड़ दिया। वहीं नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर और मझौलिया-सुगौली रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर दूसरे दिन भी ट्रेनें नहीं चलीं। इधर, पूर्वी चंपारण में चार, गोपालगंज, लखीसराय और सीतामढ़ी में दो-दो, सहरसा, मधेपुरा, पश्चिम चंपारण, शिवहर और कटिहार में एक-एक लोगों की डूबने से मौत हो गई। जबकि शिवहर में घर की दीवार गिरने से एक महिला की भी जान चली गई।
उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर जारी
पूर्वी चंपारण से बाढ़ से हालात काफी खराब है। मधुबनी और समस्तीपुर के दर्जनों गांवों में पानी जमा है। सीतामढ़ी शहर के दर्जनभर मोहल्लों में लखनदेई का पानी घुसा है। शिवहर में जलजमाव से लोग परेशान हैं। वहीं दरभंगा में हेलीकॉप्टर से राहत बांटी गई। पूर्वी चंपारण और दरभंगा में डीएम ने हेलीकॉप्टर से सर्वे किया।
कोसी घट रही, गंगा बढ़ रही
सुपौल जिले के 11 में से पांच प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं। सहरसा में कोसी समेत अन्य नदियों के जलस्तर में गिरावट दिख रही है। अररिया में नदियों का घटता जलस्तर कटाव कर रहा है। किशनगंज में सभी नदियों के जलस्तर में गिरावट जारी है। कटिहार में महानंदा के जलस्तर में कमी दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गंगा, कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। पांच दर्जन से अधिक गांवों में महानंदा नदी का पानी प्रवेश कर गया है।
बाढ़ से बचने को निकले लेकिन डूबकर मरे
गोपालगंज जिले में बाढ़ और विकराल हो गई है। हेलीकॉप्टर से प्रशासनिक पदाधिकारियोंं की टीम ने सर्वेक्षण किया। मांझा के पथरा गांव में घर छोड़कर जान बचाने के लिए बाढ़ के पानी से होकर निकल रहे 55 वर्षीय खुश मोहम्मद तथा 60 वर्षीय नूर मोहम्मद साईं गिर गए। डूबने से दोनोंं की मौत हो गई। वहीं सारण जिले के चार प्रखंड के 12 पंचायतों के 32 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं