बिहार में राहत सामग्री बांटने के दौरान अफरातफरी, पानी में कूदकर नाव से राशन पैकेट छीनते दिखे बाढ़ पीड़ित
दानापुर के मानस पंचायत में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान अफरातफरी का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें लोग पानी में उतरकर नाव से राशन पैकेट लेते दिख रहे हैं।
HighLights
मानस पंचायत में राहत सामग्री वितरण के दौरान मची अफरातफरी।
बाढ़ पीड़ित पानी में कूदकर नाव से राशन पैकेट लेते दिखे।
प्रशासन ने वायरल वीडियो की जांच कर घटना की पुष्टि की।
संवाद सहयोगी, दानापुर। दियारा क्षेत्र के मानस पंचायत में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरण के दौरान अफरातफरी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में राहत राशन लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाढ़ के पानी में उतरकर नाव तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग नाव से राहत पैकेट लेने के बाद पानी में कूदते हुए भी नजर आ रहे हैं।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने इसकी जांच कराई है। अनुमंडलाधिकारी विरुपाक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रसारित वीडियो की जांच दानापुर के अंचलाधिकारी से कराई गई है। जांच में वीडियो मानस पंचायत का पाया गया है।
उन्होंने बताया कि सरकारी नाव से मानस पंचायत के एक वार्ड में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन के पैकेट वितरण के लिए ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित नाव के पास पहुंच गए और राहत सामग्री लेने लगे।
भीड़ के नाव पर चढ़ने से उसका संतुलन बिगड़ने लगा
एसडीओ के अनुसार, भीड़ के नाव पर चढ़ने से उसका संतुलन बिगड़ने लगा। कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए नाव को आगे ले जाने के बजाय राहत सामग्री वहीं लोगों के बीच वितरित कर दी गई। इस दौरान राहत पैकेट लेने की होड़ में कई लोग बाढ़ के पानी में उतर गए, जिससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रसारित वीडियो में लोगों का पानी में उतरकर राहत सामग्री के लिए नाव तक पहुंचना बाढ़ प्रभावित परिवारों की परेशानी और जरूरत को भी उजागर कर रहा है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य जारी है।
