नेपाल में बारिश से बिहार में अलर्ट, गंडक और कोसी का बढ़ा जलस्तर; रात में गश्ती के निर्देश
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण गंडक और कोसी बराज पर पानी का डिस्चार्ज बढ़ने की संभावना ...और पढ़ें

कोसी में बढ़ रहा पानी। (फाइल फोटो)
HighLights
नेपाल में बारिश से गंडक-कोसी बराज पर डिस्चार्ज बढ़ेगा।
जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी कर निगरानी के निर्देश दिए।
संवेदनशील तटबंधों और निचले इलाकों में गश्ती बढ़ाने को कहा।
राज्य ब्यूरो, पटना। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण गंडक एवं कोसी बराज पर पानी के डिस्चार्ज में वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
शासन ने संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय कर्मियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। पूर्वानुमान के अनुसार गंडक बराज पर 27 सितंबर की रात 12 बजे तक 3,81,638 क्यूसेक तथा कोसी बराज पर 26 सितंबर की सुबह छह बजे तक 3,53,407 क्यूसेक डिस्चार्ज होने की संभावना है।
निर्देश के तहत सभी संवेदनशील तटबंधों, स्लुइस गेट एवं निचले इलाकों में रात में गश्ती बढ़ाने को कहा गया है। सीपेज, ओवरटॉपिंग, कटाव, तटबंध में ब्रीच अथवा किसी अन्य प्रतिकूल स्थिति के संकेत मिलने पर लगातार निगरानी रखने तथा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने संवेदनशील स्थलों पर रात के दौरान पर्याप्त मानव बल, प्रकाश एवं संचार सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है।
नजर रखने का निर्देश
क्षेत्रीय अधिकारियों को महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर पूरी रात मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल मुख्यालय को देने और बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश हैं।
जल संसाधन विभाग ने संबंधित जिलाधिकारियों से भी स्थिति की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
विभाग ने कहा है कि फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है, सभी संबंधित अधिकारी और कर्मी सतर्क रहें तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें।
यह भी पढ़ें- Bihar News : भूस्खलन से काठमांडू को जोड़ने वाले राजमार्ग पर आवागमन ठप, नेपाल में भारी बारिश से रास्ते में फंसे वाहन
