बिहार में बाढ़ पीड़ित किसानों को मिलेगी राहत, 14 जिलों में फसल नुकसान की भरपाई और सहायता में जुटा कृषि विभाग
बिहार सरकार ने बाढ़ प्रभावित 14 जिलों के किसानों की फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है। कृषि ...और पढ़ें

बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का होगा आकलन, जिलों से रिपोर्ट तलब (ANI)
HighLights
कृषि मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की फसल क्षति की समीक्षा की।
जिला कृषि अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश।
किसानों को वैकल्पिक फसल और तकनीकी मार्गदर्शन भी मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। सरकार ने बाढ़ प्रभावित 14 जिलों के किसानों की परेशानी को गंभीरता से लिया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों एवं फसलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का वास्तविक, विस्तृत एवं प्रमाणिक आकलन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिए।
जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन करें। रिपोर्ट विभाग को यथाशीघ्र उपलब्ध कराएं। किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा वास्तविक क्षति का सही आकलन कर प्रभावित किसानों तक राहत एवं सहायता समय पर पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वास्तविक फसल क्षति के विस्तृत आकलन के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल क्षतिपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में अपने किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। कृषि विभाग हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कृषि मंत्री कहा कि बाढ़ के कारण यदि किसी क्षेत्र में फसल पूरी तरह या आंशिक रूप से प्रभावित हुई है तो आगामी फसल चक्र को बनाए रखने के लिए वैकल्पिक फसल लगाने के लिए किसानों को सरकार प्रेरित करेगी। कृषि विभाग द्वारा इसके लिए आवश्यक कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।
किसानों की स्थानीय परिस्थितियों, मिट्टी एवं मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त वैकल्पिक फसलों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन, आवश्यक सलाह एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराने पर भी विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है।
हम अपने अन्नदाता को बाढ़ की मुश्किल की घड़ी में अकेले नहीं छोड़ेंगे। किसानों की कठिनाइयों को दूर करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। फसल क्षति का वास्तविक आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। - विजय कुमार सिन्हा, कृषि मंत्री
यह भी पढ़ें- बिहार में पशुपालकों को राहत: बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचेगा चारा, बीमार मवेशियों के लिए दवाओं की सप्लाई तेज
यह भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ प्रभावितों की संख्या पहुंची 41 लाख के पार, 84 प्रखंड की 517 ग्राम पंचायतें घिरी
