Bihar Flood Alert: पटना में सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे, सिवान में बढ़ा सरयू का जलस्तर
बारिश का सिलसिला थमने के बाद लगभग नदियों का जलस्तर लगभग स्थिर है। राजधानी पटना में सभी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे रहा। लेकिन सिवान में सरयू के जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है।
पटना, जागरण संवाददाता। पटना से होकर बहने वाली अधिकांश नदियों का जलस्तर बीते 24 घंटे से स्थिर है। कुछ घाटों पर जलस्तर में मामूली कमी हुई है। गंगा, सोन और पुनपुन नदी के जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। गुरुवार को सोन नद कोइलवर में खतरे के निशान से और नीचे आ गया । गंगा दीघा घाट में बीते 24 घंटे से स्थिर बना हुआ है जबकि पुनपुन के जलस्तर में मामूली कमी दर्ज की गई है।
नदी - स्थान - खतरे का निशान - जलस्तर
गंगा
- दीघा घाट - 50.45 47.71
- गांधी घाट - 48.60 46.98
- फतुहा - 47.40 44.80
- हाथीदह - 41.46 40.01
- पुनपुन घाट - 51.20 49.62
- श्रीपालपुर - 50.60 49.55
- गौरीचक - 49.50 48.56
- फतुहा - 47.40 44.70
सोन
- कोइलवर - 55.52 49.70
- मनेर 52.00 49.57
गोपालगंज में जलस्तर घटा लेकिन बढ़ती जा रहींं मुश्किलें
गंडक नदी में वाल्मिकीनगर बराज से पानी के डिस्चार्ज की रफ्तार कम होने के बावजूद गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बसे 30 गांव पूरी तरह से टापू बन गए हैं। पानी से घिरे इन गांवों के लोगों की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। इन गांवों का सड़क संपर्क अब भी पूर्ण रूप से बहाल नहीं हो सका है। ऐसे में इस इलाके के लोगों के लिए नाव की आवागमन का एकमात्र सहारा है। बाढ़ की पानी से अब भी जिले के छह प्रखंडों की 16,430 लोग प्रभावित हैं। प्रशासनिक पदाधिकारी दियारा इलाके की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। नदी के जलस्तर में कमी के कारण गंडक के निचले इलाके में बाढ़ की स्थिति में सुधार आने का सिलसिला प्रारंभ होने के बावजूद अब भी निचले इलाके के 30 गांव पानी से घिरे हुए हैं।
सिवान में सरयू के जलस्तर में मामूली वृद्धि
24 घंटे के अंदर सरयू नदी के जल स्तर में आंशिक बढ़ोतरी देखने को मिली, लेकिन खतरा बरकरार है। वहीं नदी के जल स्तर में वृद्धि को लेकर प्रशासन अलर्ट है। दरौली में सरयू का जलस्तर गुरुवार की सुबह 8 बजे 60.450 मीटर तथा सिसवन में गुरुवार की सुबह नदी का जल स्तर 56.360 मीटर मापा गया है जबकि दरौली में जल स्तर का डेंजर प्वाइंट 60.82 तथा सिसवन में जल स्तर का डेंजर प्वाइंट 57.04 मीटर है।