विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

EOU Raid: परिवहन ESI के पास पटना से दिल्ली तक 16 प्रॉपर्टी, 1.49 करोड़ की संपत्ति; दार्जिलिंग में बेटा, कोटा में बेटी

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:37 PM (IST)

परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति मामले में ...और पढ़ें

आरा से पटना और दिल्ली तक मिलीं प्रॉपर्टी

आरा से पटना और दिल्ली तक मिलीं प्रॉपर्टी

HighLights

  1. परिवहन ईएसआई अमित गुप्ता के ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी।

  2. पटना से दिल्ली तक 16 भूखंड, मकान, फ्लैट के दस्तावेज मिले।

  3. 1.49 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति, 15 बैंक खाते फ्रीज।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के आरा और पटना स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान पटना से दिल्ली तक 16 भूखंड, मकान और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। अमित वर्तमान में कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर पदस्थापित हैं।

आरा से पटना और दिल्ली तक मिलीं प्रॉपर्टी

ईओयू के अनुसार, तलाशी में आरा, पटना और छपरा में स्वयं और स्वजनों के नाम पर खरीदे गए 11 भूखंडों के दस्तावेज मिले हैं।

आरा के अवधपुरी में तीन मंजिला मकान और पकड़ी में 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान भी मिला। दानापुर की साई वरदान सिटी में एक फ्लैट से जुड़े दस्तावेज भी जांच टीम को मिले हैं।

नोएडा से दिल्ली तक निवेश के दस्तावेज

जांच में नोएडा की इम्पेरिया इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली की ऐरविल बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड में फ्लैट और जमीन में निवेश से जुड़े साक्ष्य मिलने की जानकारी दी गई है।

ईओयू के अनुसार, प्राथमिक जांच में 1.49 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है, जो वास्तविक आय से 148 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

घर से नकदी, महंगी घड़ियां और कार भी मिली

आरा के अवधपुरी स्थित आवास से तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए। तलाशी में इलेक्ट्रिक टाटा टियागो कार और एक दर्जन से अधिक महंगी घड़ियां भी मिलीं।

ईओयू ने अचल संपत्तियों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में ईओयू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

30 लाख से ज्यादा शेयर-म्यूचुअल फंड में निवेश

छापेमारी के दौरान शेयर और म्यूचुअल फंड में 30 लाख रुपये से अधिक निवेश से जुड़े कागजात मिले हैं। एलआईसी के सात दस्तावेजों में 10 लाख रुपये से अधिक के निवेश की जानकारी सामने आई है। विभिन्न बैंकों के 15 खाते, पासबुक और चेकबुक भी जब्त किए गए हैं।

15 बैंक खाते फ्रीज, लॉकर की तलाशी बाकी

ईओयू के मुताबिक, बैंक खातों में जमा लाखों रुपये को फ्रीज कर दिया गया है। इसके अलावा एक बैंक लॉकर भी मिला है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है। आभूषण खरीद से जुड़ी दर्जनों रसीदें और अन्य निवेश के दस्तावेज भी जांच टीम को मिले हैं।

दार्जिलिंग में बेटा, कोटा में बेटी की पढ़ाई

जांच के दौरान ईएसआइ के बच्चों की शिक्षा पर खर्च से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। एक बेटा दार्जिलिंग के आवासीय स्कूल में पढ़ रहा है, जबकि बेटी कोटा में नीट की तैयारी कर रही है। ईओयू अन्य निवेश और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करा रही है।

2013 में दालकोला से शुरू हुई थी नौकरी

अमित कुमार गुप्ता की नियुक्ति वर्ष 2013 में परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर हुई थी। उनकी पहली पोस्टिंग पूर्णिया के दालकोला चेकपोस्ट पर हुई थी। इसके बाद मुजफ्फरपुर, छपरा, अररिया और पटना समेत अलग-अलग जिलों में तैनाती रही। वर्तमान में वे कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त थे।