विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट-यूजी परीक्षा को लेकर ईओयू अलर्ट, 135 आरोपितों पर रखी जा रही विशेष नजर

Published: Fri, 19 Jun 2026 06:30 AM (IST)

बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए ...और पढ़ें

135 आरोपितों का तैयार किया गया डाटाबेस

135 आरोपितों का तैयार किया गया डाटाबेस

HighLights

  1. नीट-यूजी परीक्षा के लिए ईओयू ने विशेष कोषांग बनाया।

  2. पेपर लीक के 135 पुराने आरोपितों पर रखी जा रही नजर।

  3. साइबर ठगी रोकने हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी, सोशल मीडिया निगरानी।

राज्य ब्यूरो, पटना। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को लेकर बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) अलर्ट मोड में है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष कोषांग का गठन किया गया है।

ईओयू ने पेपर लीक और परीक्षा धांधली से जुड़े पुराने आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था बनाई है। इसके तहत 135 आरोपितों का विस्तृत डाटाबेस तैयार किया गया है।

135 आरोपितों का तैयार किया गया डाटाबेस

ईओयू अधिकारियों के अनुसार डाटाबेस में आरोपितों के नाम, पते, तस्वीर और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल की गई हैं।

इसके अलावा यह भी दर्ज किया गया है कि संबंधित आरोपित किन-किन प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामलों में पकड़े गए थे। इन सभी आरोपितों की सूची जिलों को भेज दी गई है।

जिलों को निगरानी के निर्देश

ईओयू ने सभी जिलों को सूचीबद्ध आरोपितों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है।

सूची में संजीव मुखिया, डॉ. शिव समेत कई चर्चित आरोपितों के नाम शामिल हैं। इनमें से अधिकांश आरोपित वर्तमान में जमानत पर जेल से बाहर हैं।

थानास्तर पर रखी जाएगी गतिविधियों की निगरानी

ईओयू ने स्थानीय पुलिस और थानों को निर्देश दिया है कि सूचीबद्ध आरोपितों की गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए।

इस संबंध में समय-समय पर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने को भी कहा गया है। साथ ही नए परीक्षा धांधली गिरोहों से संबंधित सूचनाएं भी जुटाई जा रही हैं।

सोशल मीडिया पर डिजिटल पेट्रोलिंग तेज

परीक्षा से पहले फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, वाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसके लिए साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई तथा पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग यूनिट को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध पोस्ट और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अफवाह फैलाकर ठगी कर सकते हैं साइबर अपराधी

ईओयू ने नीट-यूजी परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।

इसमें चेतावनी दी गई है कि असामाजिक तत्व और साइबर ठग प्रश्न-पत्र लीक या परीक्षा से जुड़ी झूठी सूचनाएं फैलाकर ठगी कर सकते हैं। ऐसे किसी भी दावे पर विश्वास न करने की सलाह दी गई है।

शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

ईओयू ने कहा है कि यदि किसी को परीक्षा से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि, फर्जी सूचना या ठगी का प्रयास दिखाई दे तो इसकी शिकायत तुरंत दर्ज कराई जाए।

शिकायत के लिए संपर्क करें :

  • मोबाइल/वाट्सएप : 9031829067
  • हेल्पलाइन नंबर : 1930
  • ई-मेल : digeou-bih@gov.in

ईओयू ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह, फर्जी संदेश या पेपर लीक के दावों के झांसे में न आएं और ऐसी जानकारी मिलने पर तुरंत शिकायत करें।