विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Elections: एनडीए को 45 लाख अधिक वोट मिले, हर सीट पर औसत 18 हजार मतों से पिछड़ा महागठबंधन

Published: Tue, 18 Nov 2025 06:12 PM (GMT+05:30)

बिहार विधानसभा चुनावों में एनडीए ने महागठबंधन को 45 लाख वोटों से हराया। हर सीट पर एनडीए को औसतन 18 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. एनडीए को 45 लाख अधिक वोट

  2. हर सीट पर 18 हजार वोटों से जीत

  3. महागठबंधन को मिली हार

कुमार रजत, पटना। बिहार की जनता ने इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच 45 लाख से अधिक वोटों की खाई बना दी है। विधानसभा चुनाव में एनडीए के दलों को कुल दो करोड़ 34 लाख 65 हजार 988 वोट मिले, जबकि महागठबंधन के खाते में एक करोड़ 88 लाख 94 हजार वोट आए। इस तरह एनडीए को महागठबंधन की तुलना में 45 लाख अधिक वोट मिले हैं।

एनडीए को हर सीट पर महागठबंधन से औसत 18 हजार 813 वोट अधिक मिले हैं। एनडीए को प्रति सीट औसत 96 हजार 567 वोट मिले, जबकि महागठबंधन को प्रति सीट 77 हजार 754 वोट प्राप्त हुए हैं।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 141 सीटों पर लड़ने वाले राजद को सर्वाधिक एक करोड़ 15 लाख 46 हजार 55 वोट मिले हैं। वहीं 101-101 सीटों पर लड़ी भाजपा को एक करोड़ 81 हजार 143, जबकि जदयू को 96 लाख 67 हजार 118 मत मिले हैं।

इसके बाद कांग्रेस को 43.74 लाख, लोजपा को 24.07 लाख, भाकपा माले को 14.25 लाख, वीआईपी को 6.89 लाख, हम को 5.87 लाख और रालोमो को 5.33 लाख वोट मिले हैं।

एनडीए में भाजपा, महागठबंधन में राजद का वोट शेयर सबसे बेहतर:

एनडीए में भाजपा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा जबकि महागठबंधन में राजद और कांग्रेस का प्रति सीट वोट शेयर सबसे बेहतर है। भाजपा को प्रति सीट औसत 99 हजार 813 जबकि हम को 97 हजार 842 वोट प्रति सीट मिले हैं। इसके अलावा जदयू को 95 हजार 714, लोजपा रामविलास को 89 हजार 191, जबकि रालोमो को 88 हजार 885 वोट प्रति सीट वोट शेयर मिला है।

महागठबंधन में राजद को प्रति सीट 81 हजार 886, कांग्रेस को 71 हजार 714, भाकपा माले को 71 हजार 279 वोट औसत प्रति सीट मिला है। आइपी गुप्ता के दल इंडियन इंक्लूसिव पार्टी को 61 हजार 559 वोट प्रति सीट मिला है।

जन सुराज को प्रति सीट महज 7048 वोट मिले:

प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को विधानसभा चुनावों में 16 लाख 77 हजार 583 वोट मिले और उनका प्रति सीट औसत वोट 7048 रहा। ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को नौ लाख 30 हजार 504, नोटा को नौ लाख 10 हजार 730 और बसपा को आठ लाख 13 हजार 553 वोट मिले हैं। सभी 243 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में 25 लाख 16 हजार 297 वोट मिले हैं।

एनडीए के दलों को वोट:

दल कुल वोट प्रति सीट औसत वोट
भाजपा (BJP) 1,00,81,143 99,813
जदयू (JDU) 96,67,118 95,714
लोजपा-रा (LJP-RV) 24,97,358 89,191
हम (HAM) 5,87,056 97,842
रालोमो (RLM) 5,33,313 88,885

महागठबंधन के दलों को मिले वोट

दल कुल वोट प्रति सीट औसत वोट
राजद (RJD) 1,15,46,055 81,886
कांग्रेस (Congress) 43,74,579 71,714
भाकपा माले (CPI-ML) 14,25,593 71,279
वीआईपी (VIP) 6,89,484 45,965
सीपीआई (CPI) 3,72,000 41,333
सीपीएम (CPM) 3,02,000 75,500
एआईएमआईएम (AIMIM) 1,84,679 45,965