बिहार चुनाव : चौथे चरण में गरजीं पुलिस की बंदूकें, तीन घायल
चौथे चरण के मतदान में रविवार को कई जगह हिंसा हुई। सिवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र हुसैनगंज के हथौड़ा गांव में बवाल कर रहे ग्रामीणों पर नियंत्रण के लिए केंद्रीय पुलिस बल को फायरिंग करनी पड़ी। गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए।
पटना। चौथे चरण के मतदान में रविवार को कई जगह हिंसा हुई। सिवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र हुसैनगंज के हथौड़ा गांव में बवाल कर रहे ग्रामीणों पर नियंत्रण के लिए केंद्रीय पुलिस बल को फायरिंग करनी पड़ी। गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अजय नायक के अनुसार सिवान डीएम और एसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने फायरिंग की घटना से इन्कार किया है।
बताया गया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बूथ नंबर 40 पर बोगस वोटिंग को लेकर पोलिंग एजेंट से गड़बड़ी की शिकायत पर भाजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह पहुंचे तो भाजपा और राजद समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए। तू-तू मैैं-मैैं से शुरू हुआ विवाद पथराव में तब्दील हो गया। माहौल शांत करने के लिए पुलिस को लाठी चलानी पड़ी। घायल लोगों में व्यास राम, सुनील राम व फूल मोहम्मद बताए गए हैं। गांव में तनाव है।
उधर, मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण और सीपीएफ की बीच हुई झड़प में लाठीचार्ज में कई लोग घायल हो गए। सीईओ ने बताया कि एक साथ तीन युवकों को ईवीएम के पास जाने से रोके जाने ग्रामीण नाराज हो गए। सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ऐसे में जाम खुलवाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। शिवहर में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा उम्मीदवार लवली आनंद और समाजवादी पार्टी के नेता रघुनाथ झा के समर्थकों में झड़प हुई।
पूर्वी चंपारण की मधुबन सीट के पकड़ी दयाल में जदयू विधायक और उम्मीदवार एवं वोटरों में झड़प हो गई। नाराज लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस कारण बाद में वहां से विधायक शिवजी राय को जान बचाकर भागना पड़ा। बाद में आरोप लगने के कारण पकड़ी दयाल के डीएसपी को पद से हटा दिया गया। उनकी जगह पर एएसपी को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।