Move to Jagran APP

HIGHLIGHTS Bihar Chunav Exit Poll 2020: तेजस्‍वी का महागठबंधन आगे, नीतीश भी रेस में; यहां देखें सारे एग्जिट पोल

HIGHLIGHTS Bihar Chunav Exit Poll Result बिहार में 243 सीटों पर चुनावों के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं। यहां एनडीए और महागठबंधन में कांटे की टक्‍कर दिखाई गई है। संभव है कि तेजस्‍वी यादव की अगुआई में बिहार में महागठबंधन की नई सरकार बने।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 07 Nov 2020 02:01 PM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2020 07:53 AM (IST)
HIGHLIGHTS Bihar Chunav Exit Poll 2020: तेजस्‍वी का महागठबंधन आगे, नीतीश भी रेस में; यहां देखें सारे एग्जिट पोल
Bihar Exit Polls 2020: एग्जिट पोल में नीतीश और तेजस्‍वी दोनों नई सरकार के बेहद करीब दिख रहे हैं।

पटना, जेएनएन। HIGHLIGHTS Bihar Chunav Exit Poll Result बिहार में तेजस्‍वी यादव की अगुआई में नई सरकार बन सकती है। न्‍यूज चैनल आज तक के मुताबिक उनके एग्जिट पोल में महागठबंधन को इस चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल होता दिख रहा है। हालांकि दूसरे सर्वे एजेंसी के एग्जिट पोल में नीतीश कुमार की अगुआई में फिर से एनडीए की सरकार भी बन सकती है। तेजस्‍वी यादव के नेतृत्‍व में महागठबंधन भी रेस में आगे बना हुआ है। एग्जिट पोल के तमाम आंकड़े मिले-जुले नतीजे आने की उम्‍मीद जता रहे हैं।

loksabha election banner

हालांकि, एग्जिट पोल अनुमान होते हैं, परिणाम नहीं होते। आज के चुनाव के साथ ही बिहार में 243 सीटों पर तीन चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्‍न हो गया है। शाम छह बजे मतदान प्रक्रिया खत्‍म हो गई। विभिन्‍न सर्वे एजेंसियां और न्‍यूज चैनल ने भाजपा, राजद, जदयू, लोजपा, हम आदि पार्टियों के अनुमानित आंकड़े जारी कर दिए हैं। इसके जरिये कुछ हद तक बिहार में नई सरकार की तस्‍वीर साफ हो गई है। एग्जिट पोल के ताजा अपडेट्स के लिए बने रहें हमारे साथ...

HIGHLIGHTS Bihar Chunav Exit Poll Result

9:00 PM: आज तक के एग्जिट पोल में महागठबंधन को प्रचंड बहुमत

न्‍यूज चैनल आज तक के एग्जिट पोल में बिहार में तेजस्‍वी यादव की अगुआई में राजद और कांग्रेस के महागठबंधन को बहुमत‍ मिलता हुआ दिखाया गया है। इस एग्जिट पोल की मानें तो बिहार में तेजस्‍वी यादव सरकार बना रहे हैं। न्‍यूज चैनल के मुताबिक महागठबंधन बिहार में क्‍लीन स्‍वीप की ओर बढ़ रहा है। आज तक के अनुसार महागठबंधन का वोट शेयर करीब 44 प्रतिशत रहा है। एनडीए को 69-91 सीटें मिल सकती हैं। महागठबंधन को 139-161 सीटें मिल सकती हैं। अन्‍य के खाते में 3 से 5 सीटें जा सकती हैं।

आज तक एग्जिट पोल

  • महागठबंधन : 139-161
  • एनडीए : 69-91
  • अन्‍य : 03-05

8:30 PM: राजद खेमे में खुशी की लहर, पटना में कार्यकर्ता मना रहे जश्‍न

तमाम सर्वे में बढ़त मिलने के बाद महागठबंधन बिहार में सरकार बनाने की रेस में आगे दिख रहा है। इसके साथ ही राजद खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है। तेजस्‍वी यादव के नेतृत्‍व में नई सरकार बनने की उम्‍मीद के साथ ही पटना में सैंकड़ों राजद कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जश्‍न मनाते दिखे। 10 लाख लोगों को नौकरी देने के दावे के साथ राजद ने इस बार चुनाव में बड़ा उलटफेर का माद्दा दिखाया है।

8:00 PM: कांग्रेस का दावा, एग्जिट पोल से बेहतर आएंगे परिणाम

तीसरे और अंतिम दौर के चुनाव समाप्त होते ही एग्जिट पोल के रुझान आने शुरू ही गए। बिहार कांग्रेस ने एक्जिट पोल के रुझान आने के साथ ही दावा किया कि महागठबंधन बिहार में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि एक्जिट पोल महागठबंधन को जितनी सीटें दे रहा है हमें उससे कहीं ज्यादा सीटें मिलने जा रही हैं। डॉ झा ने कहा कि बिहार की जनता ने 2020 में बदलाव के लिए महागठबंधन पर भरोसा जताया है। 10 नवंबर को चुनाव के रिजल्ट आने के साथ ही एक्जिट पोल के रुझान भी पीछे छूट जाएंगे। वहीं कांग्रेस विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि 10 नवंबर को हमारे परिणाम और बेहतर आने वाले है। तमाम एक्जिट पोल भी बिहार के महागठबंधन को बढ़त में दिखा रहे हैं। यही दावा कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने भी किया है।

7:30 PM: नीतीश कुमार और तेजस्‍वी यादव में कौन बनेगा मुख्‍यमंत्री, तस्‍वीर साफ नहीं

बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार मुख्‍यमंत्री बनेंगे या फिर तेजस्‍वी यादव को सरकार की कमान मिलेगी। एग्जिट पोल के आंकड़े से तस्‍वीर अभी साफ नहीं हुई है। यहां एनडीए या महागठबंधन में किसी की भी सरकार बन सकती है। तमाम सर्वे एजेंसियां और न्‍यूज चैनल के एग्जिट पोल के आंकड़े में नीतीश और तेजस्‍वी दोनों को नई सरकार बनाने के बेहद करीब बताया गया है।

7:10 PM: रिपब्लिक भारत के एग्जिट पोल में कड़ा मुकाबला

रिपब्लिक भारत के एग्जिट पोल में महागठबंधन को 118 से 138 सीटें दी गई हैं। वहीं एनडीए गठबंधन को 91 से 117 सीटें दी गई हैं। दोनों गठबंधन के बीच कांटे का मुकाबला दिखाया गया है। अन्‍य को 8 से 14 सीटें दी गई हैं।

7:00 PM: इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में महागठबंधन और एनडीए में कांटे की टक्‍कर

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में एनडीए को 116 और महागठबंधन को 120 सीटें दी गई हैं। अन्‍य के खाते में 7 सीटें जा सकती हैं।

6:50 PM: न्‍यूज 24 के एग्जिट पोल में महागठबंधन सरकार

बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सकती है। न्‍यूज 24 के एग्जिट पोल में एनडीए गठबंधन को 104 से 128 सीटें दी गई हैं। जबकि महागठबंधन के खाते में 108 से 131 सीटें जा सकती हैं। अन्‍य के खाते में कोई सीट नहीं है।

6:30 PM: एबीपी न्‍यूज के एग्जिट पोल में फिर से नीतीश सरकार

बिहार में एक बार फिर से नीतीश सरकार बन रही है। एबीपी न्‍यूज और सी वोटर के सर्वे के अनुसार एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार में नीतीश कुमार के एनडीए गठबंधन को 104 से 121 सीटें मिलती दिख रही है। आरजेडी और कांग्रेस महागठबंधन को 108 से 131 सीटों का अनुमान लगाया गया है। अन्‍य के खाते में 4 से 8 सीटें जा सकती हैं।

6:10 PM: मतदान का समय समाप्‍त, एग्जिट पोल की गूंज

बिहार में विधानसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया समाप्‍त होते ही एग्जिट पोल की गूंज सुनाई देने लगी है। तमाम सर्वे एजेंसियां आंकड़ों को जुटाकर अब से कुछ देर में ही बिहार के चुनावी समर में किसकी जीत-किसकी हार का अनुमान लगाएंगे। यहां महागठबंधन सरकार या एनडीए की दोबारा सरकार बनने की झलक देखी जा सकती है। हम यहां बता दें कि एग्जिट पोल, एडजेक्‍ट पोल नहीं होते। लेकिन, यह नतीजों के बेहद करीब माने जाते हैं। वोटरों के सैंपल साइज पर इसकी विश्‍वसनीयता और प्रमाणिकता की पुष्टि होती है।

6:00 PM: बिहार चुनाव के तीसरे चरण में मतदान का समय समाप्‍त

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में मतदान की प्रक्रिया समाप्‍त हो गई है। हालांकि चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक पोलिंग बूथों पर कतार में लगे मतदाताओं को वोटिंग का मौका दिया है। अब थोड़ी देर में इवीएम और वीवीपैट को सील कर बज्रगृह लाया जाएगा। इसके बाद मतदान संबंधी आंकड़े का मिलान कर चुनाव आयोग आधिकारिक मतदान प्रतिशत जारी करेगा।

यह भी पढ़ें : LIVE बिहार चुनाव 2020: सिकटा में सुरक्षाबलों पर प‍थराव, धमदाहा में फायरिंग, 1 बजे तक 35% वोटिंग; जानें कहां-कैसे हो रहा मतदान

एनडीए में भाजपा, जदयू, हम और वीआइपी, महागठबंधन में राजद के साथ कांग्रेस

इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन में भाजपा के साथ जदयू, हम, वीआइपी पार्टी शामिल है। ऐसे में एग्जिट पोल की टैली में भाजपा+, राजद और कांग्रेस को जोड़कर महागठबंधन व लोजपा, जन अधिकार पार्टी, एआईएमआईएम, रालोसपा समेत दूसरी पार्टियों को अन्‍य की श्रेणी में रखा गया है।

पिछली बार कई एग्जिट पोल हो गए थे खारिज

एग्जिट पोल को आम तौर पर नतीजे के बेहद करीब माना जाता रहा है। लेकिन पिछली बार बड़े पैमाने पर सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल खारिज हो गए। एक-दो सर्वे एजेंसियों ने सूबे में महागठबंधन की सरकार बनती दिखाई, जिसमें जदयू और राजद गठबंधन को बहुमत मिलता हुआ दिखाया गया था। एक-दो न्‍यूज चैनलों की ओर से जारी किए गए एग्जिट पोल काफी हद तक सच साबित हुए।

बिहार चुनाव में इस बार कांटे का मुकाबला

बिहार में तीन चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में इस बार एनडीए और राजद के बीच कांटे का मुकाबला हुआ है। राजनीतिक विश्‍लेषक इस बार ऊंट किस करवट बैठेगा, इसका सहज आकलन नहीं कर पा रहे हैं। चुनावी जानकारों की मानें तो दोनों गठबंधन में से किसकी सरकार बनेगी, यह कहना मुश्किल है। तीनों चरण में मतदाताओं का ट्रेंड कुछ अलग दिखा है। स्‍पष्‍ट तौर पर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.