Bihar Election: तेजस्वी के CM Face पर महागठबंधन में विवाद, RLSP बोली- कुशवाहा को बनाओ, RJD का इनकार
Bihar Assembly Election 2020 महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। घटक दल आरएलएसपी व वीआइपी तेजस्वी यादव को सीएम चेहरा नहीं मान रहे हैं। उधर आरजेडी इस मुद्दे पर किसी समझौते के मूड में नहीं दिख रहा है।
पटना, जेएनएन। Bihar Assembly Election 2020, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी सियासी खबर है। विपक्षी महागठबंधन (Mahagathbandhan) में मुख्यमंत्री के चेहरे (CM Face) को लेकर पेंच फंस गया है। महागठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) द्वारा सामने रखे गए मुख्यमंत्री चेहरा तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को खारिज करते हुए उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में प्रस्तुत किया है। दूसरी ओर महागठबंधन (Grand Alliance) के एक और घटक दल विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने अपने अध्यक्ष मुकेश साहनी (Mukesh Sahani) के लिए उपमुख्यमंत्री के चेहरे (Dy.CM Face) के लिए दावा ठोका है। इस मामले में आरजेडी किसी समझौते के मूड में नहीं है।
कुशवाहा सबसे योग्य मुख्यमंत्री चेहरा: आरएलएसपी
आरएलएसपी के प्रवक्ता धीरज कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव आरजेडी के मुख्यमंत्री का चेहरा हैं, न कि महागठबंधन के। आरएलएसपी में अभी मुख्यमंत्री चेहरा तय ही नहीं हुआ है। महागठबंधन में इस पद के लिए सबसे योग्य चेहरा उपेंद्र कुशवाहा हैं। उनका नाम बिहार के बड़े नेताओं में लिया जाता है। उनके पास लंबा राजनीतिक अनुभव है। उन्होंने बिहार के मुद्दे पर पद भी त्याग दिया है।
इस मामले में किसी समझौते के मूड में नहीं आरजेडी
आरएलएसपी प्रवक्ता का यह बयान बताता है कि उनकी पार्टी तेजस्वी यादव को महागठबंधन का नेता मानने के लिए तैयार नहीं है। जबकि आरजेडी इस मुद्दे पर किसी समझौते के मूड में नहीं है। आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा है कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री का चेहरा हैं। इस पर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सहमति दे दी है।
मुकेश साहनी का उप मुख्यमंत्री चेहरा के लिए दावा
उधर, विकासशील इंसान पार्टी(VIP) ने भी उप मुख्यमंत्री पद के लिए अपना दावा किया है। पार्टी प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने वीआइपी सुप्रीमो मुकेश सहनी को महागठबंधन का उप मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने की मांग की है। उन्होंने भी उपेंद्र कुशवाहा को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने का समर्थन करते हुए कहा कि इसके लिए वे सबसे योग्य हैं। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव है।