Move to Jagran APP

Bihar Election Result 2020: सिपहसालारों ने बिछाई बिसात, जोश में तेजस्‍वी यादव; राबड़ी आवास पर बढ़ी चहल-पहल

Bihar Election Result 2020 एग्जिट पोल के नतीजे ने महागठबंधन में जोश भर दिया है। राजद की तरफ से मुख्यमंत्री फेस तेजस्वी यादव की मां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर चहल-पहल बढ़ गई है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले भाजपा-जदयू गठबंधन खेमे में मायूसी है।

By MritunjayEdited By: Published: Sun, 08 Nov 2020 03:05 PM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2020 05:33 PM (IST)
Bihar Election Result 2020: सिपहसालारों ने बिछाई बिसात, जोश में तेजस्‍वी यादव; राबड़ी आवास पर बढ़ी चहल-पहल
राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी।

पटना, [ जागरण स्पेशल ]। Bihar Election Result 2020 बिहार विधानसभा चुनाव- 2020 के लिए तीन चरणों में मतदान के बाद अब सबकी निगाहें 10 नवंबर को होने वाली मतगणना पर है। इस बीच 7 नवंबर को तीसरे चरण के मतदान के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजे के बाद दोनों खेमे- भाजपा गठबंधन और राजद महागठबंधन के रणनीतिकारों की धुकधुकी बढ़ गई है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले राजद महागठबंधन खेमा उत्साह से लबाबल है। एग्जिट पोल के नतीजे ने राजद महागठबंधन में जोश भर दिया है। महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री फेस तेजस्वी यादव की मां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर चहल-पहल बढ़ गई है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले भाजपा-जदयू गठबंधन खेमे में थोड़ी मायूसी है। लेकिन रणनीतिकार इतनी आसानी से हार मानने को तैयार नहीं हैं। वे चुनाव परिणाम के बाद बहुमत के लिए कुछ सीटें कम पड़ने की स्थिति में अभी से रणनीति बनाने में जुट गए हैं। 

loksabha election banner

एग्जिट पोल एकतरफा नहीं होने से सक्रिय हुए रणनीतिकार

बिहार विधानसभा चुनाव के बाद एग्जिट पोल के जो नतीजे आए हैं वह एकतरफा नहीं हैं। एक एग्जिट पोल को छोड़कर ज्यादातर में राजद महागठबंधन को बढ़त दिखाया गया है। लेकिन भाजपा-जदयू गठबंधन भी ज्यादा पीछे नहीं है। इसी कारण रणनीतिकारों की धुकधुकी बढ़ गई है। परिणाम के बाद की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसके लिए राजनीतिक बिसात बिछाई जा रही है। परिणाम राजद के पक्ष में एकतरफा आया तो ठीक है। लेकिन किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की  स्थिति में भाजपा गठबंधन आसानी से हार नहीं मानेगा। गोवा से लेकर हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बहुमत न होने के बाद भी भाजपा सरकार बनने के उदाहरण भरे पड़े  हैं। रणनीतिकारों की निगाहें चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और पप्पू यादव वाले गठबंधन पर है। कुछ सीटें कम पड़ने की स्थिति में छोटे-छोटे दलों के विधायकों को साथ लेकर बिहार में नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बन सकते हैं। 

राजद महागठबंधन खेमे में जश्न-ए-बहारा

एग्जिट पोल के बाद राजद महागठबंधन खेमे में जश्न-ए-बहारा है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आवास सत्ता का नया केंद्र लग रहा है। यहां चलह-पहल बढ़ गई है। राजद खेमे के सीएम फेस तेजस्वी यादव अपनी मां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर जमे हुए हैं। यहां राजद और राजद महागठबंधन में शामिल दलों के प्रमुख नेता पहुंच रहे हैं। चुनाव परिणाम के बाद की रणनीति बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला पटना आने वाले हैं। वे यहां पर राजद और कांग्रेस नेताओं के साथ सरकार बनाने की रणनीति तैयार करेंगे।

दोनों खेमा कर रहा सरकार बनाने का दावा

एग्जिट पोल में अपने लिए नतीजे अच्छे नहीं आने के बाद भी भाजपा-जदयू के नेता परिणाम को लेकर आशान्वित हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि नतीजे राजग महागठबंधन के पक्ष में होंगे। अकेले भाजपा 70 से 80 सीटें जीतने जा रही है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नायारण सिंह ने भी एग्जिट पोल के नतीजे को खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कु्मार के नेतृत्व में फिर से सरकार बनने वाली है। दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रवक्ता  प्रेमचंद मिश्रा ने कहा है कि काफी दिनों के बाद बिहार की जनता ने राजद और कांग्रेस गठबंधन पर विश्वास किया है। बिहार की जनता ने बदलाव के लिए मतदान किया है। अगली सरकार राजद महागठबंधन की बनेगी। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने महागठबंधन की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा है कि तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.