Bihar Election 2020: भाजपा पूर्णरूप से एनडीए के साथ, बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बननी तय : आरसीपी सिंह
सिवान में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह ने कहा बिहार में भाजपा पूर्णरूप से एनडीए के साथ है। हमारे पीएम व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कह दिया है कि मेरा गठबंधन नीतीश कुमार व एनडीए है।
सिवान, जेएनएन: बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बननी तय है। अब राज्य में जंगलराज लौट कर आने वाला नहीं है। जो भी विकास देख रहे हैं वह केंद्र व राज्य सरकार की बदौलत हुई है। ये बातें शनिवार को जदयू के राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह ने सिवान में राजपुर हाई स्कूल के खेल मैदान में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। जनता को उन्होंने भरोसा दिलाया की बिहार में भाजपा पूर्ण रूप से एनडीए के साथ है। यही नहीं उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि हमारी जीत होती है तो नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे।
बिहार में भाजपा पूर्णरूप से एनडीए के साथ
उन्होंने कहा कि बिहार में विपक्ष इतना तेजी से दौड़ रहा कि उनके कद्दावर नेता इस विधानसभा से उस विधानसभा बदलने में जुटे हुए हैं। कहा कि बिहार में भाजपा पूर्णरूप से एनडीए के साथ है। पार्टी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि एक पार्टी अपने आप जनता को बरगलाने में जुटी हुई है। सिवान में हमारे पीएम नरेंद्र मोदी व भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कह दिया है कि मेरा गठबंधन नीतीश कुमार व एनडीए है। उन्होंने कहा कि जनता किसी के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भी बदल कर आ जाएं इसका फर्क नहीं पड़ने वाला।
सभी एनडीए के प्रत्याशी को जीताने के लिए करेंगे काम
उन्होंने कहा मेरा कोई भी साथी नाराज नहीं है। सभी लोग एनडीए के प्रत्याशी को जीताने के लिए काम करेंगे। वहीं इस दौरान पूर्व मंत्री जाप का प्रत्याशी विक्रम कुंवर ने राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह के समक्ष एनडीए के प्रत्याशी राजेश्वर चौहान के समर्थन में बैठने की घोषणा की और कहा कि राजद ने मुझे ठगने का काम किया है। कार्यक्रम को सांसद कविता सिंह, विधानपार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, जदयू नेता अजय सिंह, एनडीए के प्रत्याशी राजेश्वर चौहान ने भी संबोधित किया। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में हर एक पार्टी जीत के लिए पूरी मशक्कत कर रही है। जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव ने जोर देकर कहा कि बिहार में भाजपा पूर्ण रूप से एनडीए के साथ है।